उत्तरप्रदेश के जनपद मुरादाबाद में जिला जज समेत अन्य अधिकारियों ने सोमवार को जिला कारागार का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बंदियों की समस्याएं सुनने के साथ ही सभी व्यवस्थाएं चेक की। साथ ही जेल अफसरों को कोविड-19 के नियमों का प्रभावी तरीके से पालन कराने के निर्दश दिए। निरीक्षण में सब कुछ सही मिलने पर जेल अफसरों ने राहत की सांस ली। वहीं, जेल में औचक निरीक्षण से खलबली मच गई।
सोमवार को जिला जज डीएसपी श्रीवास्तव, डीएम राकेश कुमार सिंह व एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने संयुक्त रूप से जेल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रसोई के साथ ही सभी बैरकों का निरीक्षण किया। बंदियों को बुलाकर उनकी समस्याएं पूछी। साथ ही बताया कि अगर किसी को न्यायालय में पैरवी के लिए अधिवक्ता चाहिए तो वह पत्र दे सकता है। साथ ही उन्होंने जेल अस्पताल को भी चेक किया। ठंड में बंदियों के स्वास्थ्य के लिए जरूरी दिशा-निर्देश दिए। वहीं जेल अफसरों को कोविड-19 के नियमों का सख्ती से पालन कराने के आदेश दिए। निरीक्षण के दौरान जेल अधीक्षक उमेश सिंह समेत अन्य अफसर मौजूद रहे। अधिकारियों के औचक निरीक्षण से जेल में खलबली मच गई।

