उत्तरप्रदेश के जिला एटा के थाना अवागढ़ क्षेत्र में 10 दिन के अंदर एक और महिला का शव मिला है। मृतका का सिर धड़ से गायब है, जिससे उसकी शिनाख्त नहीं हो पाई है। इससे पूर्व 18 नवंबर को भी एक महिला का शव मिला था।
जानकारी के मुताबिक, एटा के थाना अवागढ़ क्षेत्र में शनिवार को गांव बाबरपुर के पास नहर में एक महिला का सिर कटा शव मिलने से सनसनी फैल गई। आसपास के ग्रामीण भारी संख्या में एकत्र हो गए और पुलिस कंट्रोल रूम को खबर दी। महिला की उम्र लगभग 25 वर्ष बताई जा रही है। उसकी शिनाख्त कराने में पुलिस टीम जुटी है। साथ ही पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवा दिया है।
गांव बाबरपुर के ग्रामीण शनिवार की सुबह खेतों की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान उन्होंने नहर में महिला का शव पड़ा देखा। जिसका धड़ से सिर गायब था। ग्रामीणों ने इसकी खबर पुलिस कन्ट्रोल रूम को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की और फॉरेंसिक टीम को भी बुला मौके पर लिया गया।
घास पर मिले खून के निशान !
घटनास्थल के आसपास घास पर खून के निशान मिले हैं। फॉरेंसिक टीम ने जांच के लिए खून के नमूने लिए हैं। वहीं पुलिस ने महिला का कटा सिर ढूढ़ने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। सिर की तलाश में पुलिस टीम जुटी है और महिला की शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है।
ग्रामीणों ने बताया कि इससे पहले 18 नवंबर को एक अज्ञात महिला का शव मिला था, जिसकी भी अभी तक शिनाख्त नहीं हो पाई है। अब एक और महिला का शव मिला है। जिसका धड़ से सिर ही गायब है। घटना को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश है। घटना से इलाके में खलबली मची है। सवाल खड़ा होता है कि पुलिस घटना को कितना गम्भीरता से लेती है क्योंकि पूर्व में मिले महिला के शव की भी शिनाख्त नही करा पाई है।