-चेहरे पर पंजा मारकर किया घायल
-परिजनों ने अस्पताल में कराया भर्ती
यूपी के जिला मुरादाबाद के मझोला थाना इलाके में घर के बाहर बच्चों संग खेल रही बच्ची पर कुत्ते ने हमला कर दिया। चेहरे पर हमला करके उसे घायल कर दिया। साथ ही खेल रहे बच्चों ने शोर मचाया तो लोगों ने किसी तरह बच्ची को बचा लिया। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने आनन-फानन में बच्ची को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जानकारी के अनुसार शनिवार को घर के बाहर खेल रही सात साल की बच्ची को निशाना बना लिया। मंसूर कालोनी आजादनगर निवासी परवेज की सात साल की बेटी शुबेबा घर के बाहर अन्य बच्चों के साथ खेल रही थी। तभी एक कुत्ते ने हमला बोल दिया। चेहरा पर पंजा मारकर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।
साथ खेल रहे बच्चों ने शोर मचाया तो तमाम मोहल्ले वाले आ गए। किसी तरह कुत्ते से उसे बचाने के बाद परिजनों को सूचना दी। घबराए परिजनों ने शुबेबा को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। बताते हैं कि इससे पहले भी आवारा कुत्तों ने अनम नाम की बच्ची पर भी हमला बोल कर घायल कर दिया था। लगातार बढ़ रही घटनाओं से इलाके के लोगों में नगर निगम अफसरों के प्रति आक्रोश व्याप्त है।