उत्तरप्रदेश के जिला प्रयागराज में सोमवार की देर रात्रि संगम इलाके में बर्थडे पार्टी कर रहे पूर्व छात्र संघ उपाध्यक्ष निर्भय कुमार द्विवेदी पर बमबाजी कर दी। इस बमबाजी में तीन व्यक्ति घायल हो गए। जबकि निर्भय बाल-बाल बच गए। घटना के बाद भाग रहे एक बदमाश को लोगों ने पीछा कर पकड़ लिया। उससे दारागंज पुलिस पूछताछ कर रही है। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई।
उधर, घटना की जानकारी पाकर कई थानों टीम के साथ एसएसपी सहित कई अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया। घटनास्थल से फॉरेंसिक टीम ने से साक्ष्य एकत्र किए हैं। निर्भय लेटे हनुमान मंदिर के बाघंबरी मठ से भी जुड़े हैं। उन्होंने अपनी हत्या के प्रयास आरोप लगाते हुए चार नामजद सहित 6 अज्ञात लोगो के खिलाफ तहरीर दी है। तहरीर के आधार पर दारागंज पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
निर्भय द्विवेदी ने बताया कि सोमवार रात्रि भइया जी के दाल भात शिविर के बाहर मौजूद थे। जहां पर दारागंज के रहने वाले रितिक मिश्रा उर्फ ईशान का बर्थ डे का केक काटा जा रहा था। तभी पांच बाइक पर सवार डेढ़ दर्जन लोगों ने उन पर हमला कर दिया। निर्भय द्विवेदी की तरफ से दी गई तहरीर के आधार पर थाना दारागंज पुलिस ने विशाल सिंह चंदेल, आशुतोष ठाकुर, कार्तिक शुक्ला, शास्वत त्रिवेदी सहित अन्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। एसपी सिटी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि आरोपियों और घायल छात्रों में कई नाबालिग छात्र हैं। जो इंटर में पढ़ते हैं। इनमे किसी बात को लेकर विवाद होने पर अलगाव हो गया। घटना में कुछ अपराधिक तत्वों का भी नाम सामने आया है। जो इन्हें भड़का कर इस तरह की घटनाएं करा रहे हैं। पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है।
पुलिस सभी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी। पुलिस की जांच पड़ताल में यह बात सामने आई है कि घटना छात्रों के दो गुटों के बीच हुए विवाद में अंजाम दी गई। इससे पहले बिशप जॉनसन स्कूल के गेट पर भी बमबाजी की जा चुकी है। उधर, घायलों का इलाज अस्पताल में जारी है।