यूपी में कैबिनेट मंत्री के नाम पर मंदिर निर्माण के लिए कर रहे अवैध वसूली

-भाजपा जिलाध्यक्ष ने मझोला थाने में दर्ज कराया मुकदमा

उत्तरप्रदेश के जिला मुरादाबाद में राममंदिर निर्माण के नाम पर अवैध वसूली करने का मामला सामने आया है। विश्व हिन्दू महाशक्ति संघ नाम के संगठन के पदाधिकारी रसीद देकर धन वसूली कर रहे हैं। इस रसीद पर कैबिनेट मंत्री व भाजपा जिलाध्यक्ष की फोटो भी लगी है। इसकी जानकारी होने पर भाजपा जिलाध्यक्ष ने आरोपी के खिलाफ मझोला थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।

मझोला थाना इलाके के बुद्धि विहार फेज-2 निवासी राजपाल सिंह चौहान भाजपा जिलाध्यक्ष हैं। उन्होंने राम मंदिर निर्माण के नाम पर अवैध वसूली की शिकायत करते हुए मझोला थाने में तहरीर दी। उनका कहना था कि कुछ दिनों से श्रीराम मंदिर निर्माण धन संग्रह टोली के नाम पर विश्व हिन्दू महाशक्ति संघ नाम का एक संगठन सक्रिय है। संगठन के पदाधिकारी मंदिर निर्माण के नाम पर लोगों से धन वसूल रहे हैं। पैसे लेने पर जो रसीद दी जा रही है उसमें कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र सिंह व उनके फोटो का इस्तेमाल किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि मंदिर निर्माण के लिए इस तरह से कोई धन नहीं लिया जा रहा है। जिलाध्यक्ष का कहना था कि सोशल मीडिया पर विश्व हिन्दू महाशक्ति के ठाकुर प्रेमवीर सिंह ने कुछ रसीद भी पोस्ट की है। उनकी तहरीर के आधार पर मझोला थाने में ठाकुर प्रेमवीर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। सीओ सिविल लाइंस अनिल कुमार यादव ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपी पुलिस की हिरासत में होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

%d bloggers like this: