UP के जिला मुरादाबाद के थाना पाकबड़ा इलाके में बुधवार रात्रि फैक्टरी सुपरवाइजर की धारदार हथियार से गोदकर हत्या कर दी। खून से लथपथ हालत में सुपरवाइजर शव पाकबड़ा डींगरपुर रोड़ पर गांव बकैनिया के पास पड़ा मिला है। सूचना पर इलाका पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवा दिया। देर रात तक हत्या का कारण पता नही चल सका था।
पुलिस के अनुसार, बुधवार रात्रि करीब दस बजे थाना पाकबड़ा इलाके गांव बकैनिया के पास कुछ लोगों ने सड़क किनारे खून से लथपथ हालत में एक युवक का शव पड़ा देखा। पास में ही स्कूटी खड़ी थी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और मृतक की तलाशी ली। मृतक की जेब आईडी कार्ड, मोबाइल व आधार कार्ड मिला। मृतक की पहचान जनपद संभल के असमोली निवासी 31 वर्षीय जालेंद्र सिंह के रूप में हुई है। खबर पाकर परिजन भी मौके पर पहुंच गए। परिवार में कोहराम मच गया।
इधर, जालेंद्र सिंह के भाई गजेंद्र सिंह ने पुलिस को बताया कि जालेंद्र एसईजेड स्थित दीवान इंडिया निर्यात फर्म में सुपरवाइजर के पद पर नौकरी करता था। जालेंद्र की ड्यूटी छह बजे खत्म हो जाती थी, लेकिन वह ओवर टाइम भी करता था। जिस कारण वह करीब नौ बजे फैक्टरी से निकला था। रोज की तरह बुधवार को भी जालेंद्र सिंह रात नौ बजे फैक्टरी से निकला। एसपी सिटी अमित आनंद ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है। फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सात महीने पहले भी हुआ था हमला ?
मृतक के भाई गजेंद्र सिंह ने बताया कि 17 फरवरी 2021 की रात भी उस पर हमला हुआ था। उस वक्त भी वह फैक्टरी से अपने घर लौट रहा था। गांव मढ़न व खासपुर के बीच सड़क किनारे जालेंद्र घायल हालत में पड़ा मिला था। इलाज बाद वह दोबारा ड्यूटी करने लगा था। अब वह पाकबड़ा इलाके में हाशमपुर चौराहे के पास आंचल और दो बच्चों के साथ रह रहा था। जबकि जालेंद्र के भाई जोगेंद्र, गजेंद्र, रविंद्र और पंचम असमोली में ही रहते हैं।