यूपी के जिला मुरादाबाद में जहां एक तरफ यातायात माह में ट्रैफिक पुलिस के अलावा अफसर हादसों को रोकने के लिए कवायद कर रहे हैं, तो वहीं दूसरी ओर महानगरवासी नियमों को तोड़ने के लिए नए-नए हथकंडे अपना रहे हैं। वाहन चेकिंग के दौरान कुछ ऐसे नजारे देखने को मिल जाता हैं, जो पुलिस कर्मियों को भी पशोपेश में डाल देते हैं। बाइक पर ट्रिपल राइडिंग तो आम बात है, लेकिन चेकिंग के दौरान पुलिस कर्मियों ने जब एक कार रोकी तो उसे देखकर चकरा गए। कार में महिलाएं और बच्चों समेत करीब 12 लोग बैठे थे। यह नजारा देखकर पुलिस कर्मी अपनी हंसी नहीं रोक सके। हालांकि उन्होंने कार का चालान कर दिया।
आपकी बता दें कि वैसे तो पूरे साल यातायात नियमों का पालन कराने के लिए पुलिस कर्मियों द्वारा अभियान चलाया जाता है। जिसकी वजह है कि सड़क हादसों का लगातार बढ़ने वाला ग्राफ कुछ हद तक रूक जाता है। लेकिन आपको यह जानकर हैरानी होगी कि मुरादाबाद जिला ‘हादसों का हब’ बन चुका है। हर साल जिले में चार सौ से अधिक सड़क हादसे हो रहे हैं। जिसमें लोग अपनी जान गंवाने के साथ ही जिंदगी भर के लिए अपाहिज हो रहे हैं। वैसे कहीं न कहीं इन हादसों के पीछे वाहन चालकों की लापरवाही भी सामने आ रही है। तमाम अपील, अभियान और गोष्ठी के बाद भी वाहन चालक सजग नहीं हो रहे हैं।

