भारतीय स्टार जेवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा ने बैक इंजरी से वापसी के बाद सीजन के पहले इवेंट में चौथा स्थान हासिल किया। कतर में आयोजित दोहा डायमंड लीग में नीरज ने 85.69 मीटर का सर्वश्रेष्ठ थ्रो किया। हालांकि वे पोडियम फिनिश से चूक गए, लेकिन 82.61 मीटर के क्वालिफाइंग मार्क को पार कर ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए अपनी पात्रता सुनिश्चित कर ली। नीरज का पहला प्रयास फाउल रहा, जबकि दूसरे प्रयास में उन्होंने 82.77 मीटर और तीसरे प्रयास में 85.69 मीटर का थ्रो किया। श्रीलंका के रमेश थारंगा पाथिरागे ने चौथे राउंड में 88.68 मीटर का थ्रो कर गोल्ड मेडल जीता। ग्रेनाडा के एंडरसन पीटर्स(86.38 मीटर) दूसरे और अमेरिका के कर्टिस थॉम्पसन (85.99 मीटर) तीसरे स्थान पर रहे। पाथिरागे के खिलाफ नीरज का हेड-टू-हेड रिकॉर्ड अब 1-2 हो गया है। हालांकि विशेषज्ञों का मानना है कि यह प्रतियोगिता नीरज के लिए मैच प्रैक्टिस और फॉर्म हासिल करने की दिशा में अहम कदम साबित होगी। 23 जुलाई से 2 अगस्त तक होने वाले 2026 कॉमनवेल्थ गेम्स में उनसे बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद रहेगी। स्पोर्ट्स की अन्य खबरें भी पढ़ें… बैडमिंटन- मकाऊ ओपन से भारत की चुनौती खत्म, सेमीफाइनल में हारीं अश्मिता मकाऊ ओपन सुपर-300 बैडमिंटन टूर्नामेंट में भारत का अभियान समाप्त हो गया। महिला सिंगल्स के सेमीफाइनल में भारत की अश्मिता चालिहा को साउथ कोरिया की पार्क गा युन ने 38 मिनट में सीधे गेम में 21-17, 21-9 से हरा दिया। वर्ल्ड नंबर-63 अश्मिता ने पहले गेम में 15-11 की बढ़त बना ली थी, लेकिन पार्क ने शानदार वापसी करते हुए लगातार अंक जुटाए और गेम 21-17 से जीत लिया। दूसरे गेम में पार्क पूरी तरह हावी रहीं और अश्मिता को 21-9 से मात देकर फाइनल में जगह बनाई। अश्मिता टूर्नामेंट में भारत की आखिरी उम्मीद थीं। इससे पहले आठवीं वरीयता प्राप्त अनमोल खरब क्वार्टर फाइनल में चीन की हान कियान शी से हारकर बाहर हो गई थीं। अश्मिता की हार के साथ ही मकाऊ ओपन में भारतीय चुनौती समाप्त हो गई।

