UP के जिला अलीगढ़ के थाना छर्रा इलाके के गांव नगला बादशाह में फंदे से नव विवाहिता का शव लटका मिलने से सनसनी फैल गई। महिला की दो माह पूर्व ही शादी हुई थी। इसकी जानकारी जब मायके पक्ष के लोगों को हुई तो उनके होश उड़ गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।सूचना पाकर सीओ छर्रा देवी गुलाम सिंह व कोतवाल प्रमोद कुमार मलिक मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने मामले की जानकारी करते हुए फोरेंसिक टीम बुला ली।
दो माह पहले हुई थी शादी
थाना छर्रा इलाके के ग्राम नगला बादशाह निवासी धीरज कुमार किसी ट्रक पर परिचालक की नौकरी करता है। बीते जुलाई माह में उसकी शादी जनपद बदायूं के थाना कादरचौक क्षेत्र के गांव सकरई की रहने वाली 20 वर्षीय मोहिनी के साथ हुई थी। परिजनों के अनुसार धीरज कुमार अपने काम पर गया हुआ था। शुक्रवार को उसकी मां पूनम व बहन सोनम खेत पर पशुओं के लिए चारा लेने गई थी और पिता प्रेमपाल गांव में ही मजदूरी का काम कर रहे थे। घर पर उसकी पत्नी मोहिनी अकेली थी। दोपहर में जब धीरज की बहन जंगल से घर पहुंची। उसने अपनी भाभी को आवाज दी। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था तो उसने खिड़की से अंदर देखा तो उसकी चीख निकल गई। जानकारी पाकर उसके पिता घर पहुंचे तो कमरे के अंदर छत पर लगे कुंदा से फंदा पर मोहिनी का शव लटका हुआ था। परिजनों ने लोहे की रॉड से कमरे का गेट तोड़ा और अंदर घुसे। लेकिन तब तक मोहिनी की मौत हो चुकी थी।
इधर, घटना सूचना पाकर सीओ छर्रा देवी गुलाम सिंह व इंस्पेक्टर प्रमोद कुमार मलिक फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने मामले की जानकारी करते हुए फोरेंसिक टीम बुलाई है। वहीं मृतका के मायके पक्ष के लोगों को भी घटना की जानकारी दी। मोहिनी की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया।