उत्तरप्रदेश के जिला अलीगढ़ के थाना इगलास इलाके में सोमवार को युवक का शव पेड़ से लटकता मिलने से सनसनी फैल गई। युवक तीन दिनों से घर से गायब था और परिजन व पुलिस उसकी तलाश कर रहे थे। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर सीओ समेत इलाका पुलिस पहुंच गई। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, परिजन हत्या का आरोप लगा रहे हैं। पुलिस मृतक को तीन दिन से तलाश रही थी।
जानकारी के मुताबिक, थाना इगलास इलाके के गोंडा रोड स्थित गांव का रहने वाला 17 वर्षीय करथला ईसू पुत्र रघुराज सिंह तीन दिन से गायब चल रहा था। परिजनों के काफी तलाश करने के बाद भी उसका कहीं कोई सुराग नहीं लग सका। सोमवार को उसका शव पेड़ से लटका मिलने पर सनसनी फैल गई । मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण वहां एकत्रित हो गए। परिजनों ने मौके पर पहुंचकर शिनाख्त कर ली। इगलास इंस्पेक्टर रविंद्र कुमार दुबे ने बताया कि मामला प्रेम प्रसंग का लग रहा है। जिसकी जांच की जा रही है।
सीओ इगलास अशोक कुमार सिंह ने बताया कि युवक का शव दो दिन पुराना लग रहा है। उसके शरीर पर फफोले पड़ गए थे। शरीर पर कुछ निशान भी मिले हैं और शव सड़ने लगा था। उन्होंने बताया कि परिजन हत्या का आरोप लगा रहे हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवाया है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण स्पष्ट हो सकेगा। उसके बाद जांच को आगे बढ़ाया जाएगा।
मृतक के पिता रघुराज सिंह ने गांव के ही तीन लोगों पर हत्या करने का आरोप लगाया है। आरोप है कि उन्होंने अपनी बेटी को कुछ दिन पहले मार दिया था। उनको आशंका थी कि उनकी बेटी का प्रेम प्रसंग उनके बेटे से चल रहा था। आरोपियों ने उनके घर आकर धमकाया था कि वह उसके बेटे की हत्या कर देंगे। जिसके बाद ईसू घर से गायब हो गया था। सोमवार को उसका शव मिला है। परिजनों के आरोप के आधार पर पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच पड़ताल करने में जुटी है।