उत्तरप्रदेश के जिला अलीगढ़ के बन्नादेवी थाना इलाके में संपत्ति के लिए पिता को बंधक बनाने का मामला सामने आया है। पीड़ित के छोटे बेटे ने अपने बड़े भाई, भाभी, भतीजों व उनके रिश्तेदारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। अरोप है कि बड़े भाई ने पिता को बंधक बनाया और नशीली दवाइंया खिलाकर जमीन के दस्तावेजों पर पिता के हस्ताक्षर ले लिए। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करके मामले की पड़ताल शुरू कर दी है।
खैर क्षेत्र का रहने वाला है परिवार
जानकारी के मुताबिक, थाना बन्नादेवी के जीटी रोड निवासी रामपाल शर्मा पुत्र शिव चरण लाल शर्मा ने बताया कि वह मूल रूप से गांव छज्जूपुर ( खैर ) के रहने वाले हैं। उनके पिता शिव चरण की उम्र 88 वर्ष है। बुजुर्ग अवस्था होने के कारण वह बीमार रहते हैं और सोचने समझने में भी परेशानी होती है। पिछले दिनों पिता अचानक घर से गायब हो गए थे, जिसके बाद उन्होंने थाने में 19 सितंबर को गुमशुदगी दर्ज कराई थी। बाद में पुलिस ने उन्हें ढूंढ निकाला था। जानकारी हुई कि उनके बड़े भाई प्रेमचंद शर्मा ने संपत्ति के लिए अगवा कर लिया था। बड़े भाई ने पिता को नशीली दवाइंया खिलाकर सारी संपत्ति अपने नाम लिखा ली है। इसमें उन्होंने गवाह के तौर पर अपने ससुराल पक्ष के लोगों को शामिल किया है। जिससे यह साबित होता है कि सारे दस्तावेज फर्जी हैं। पीड़ित ने बताया कि जब उन्हें यह पता चला तो उन्होंने इस बात का विरोध किया, तो सभी उन्हें मारने पीटने पर आमदा हो गए और जान से मारने की धमकी भी दी।
बेटा, पुत्रवधू सहित 6 के खिलाफ मुकदमा दर्ज
बन्नादेवी इंस्पेक्टर विनोद कुमार ने बताया कि छह लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है। इममें पीड़ित का बड़ा बेटा प्रेमचंद शर्मा, पुत्रवधू सोनिया शर्मा, दोनों नाती विश्वंद्र व देवेश भारद्वाज, बेटे के ससुराल पक्ष के मथुरा निवासी अशोक भारद्वाज व सुरेश चंद्र शर्मा को नामजद किया गया है। इंस्पेक्टर ने बताया कि मुकदमा दर्ज करने के बाद मामले की जांच की जा रही है। इसके साथ ही परिवार के लोगों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।