उत्तरप्रदेश के जिला अलीगढ़ के रामघाट रोड स्थित अवंतीबाई चौराहे पर शनिवार रात एक तेज रफ्तार मैक्स पिकअप राहगीरों को रौंदते हुए भाग गई। इस हादसे में मां-बेटी सहित तीन महिलाओं की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतक महिलाएं कस्बा अतरोली के मोहल्ला सराय बली में गमी में शामिल होने आई थीं। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है।
जानकारी के मुताबिक, दिल्ली के सोनिया विहार निवासी डॉली शर्मा (40) और रामश्री देवी (50) निवासी मनोना थाना आंवला जिला बरेली की अतरौली के मोहल्ला सरायवली में रिश्तेदारी है। दोनों महिलाएं अपने परिवार के मनोज शर्मा व एक अन्य बुजुर्ग को साथ लेकर शनिवार को कस्बा अतरोली के मोहल्ला सरायवली में आईं थीं। शनिवार शाम करीब सात बजे चारो लोग दिल्ली जाने के लिए चल दिये। रोडवेज बस में बैठने के लिए पैंठ चौराहे से पैदल ही अवंतीबाई चौराहे की तरफ जा रहे थे।
उधर, गांव मढ़ौली निवासी सुनीता 35 वर्ष भी अतरौली से अपने गांव जा रहीं थीं। तभी पीछे से आये तेज रफ्तार वाहन ने तीनों महिलाओं को रौंद दिया। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया। हादसे से राहगीरों के होश उड़ गए। लोगों की मौके पर भीड़ जमा हो गई। हादसे में गम्भीर रूप से घायल तीनों महिलाओं को स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
वहीं, हादसे की खबर पाकर इलाका पुलिस मृतको के परिचित आ गए। इंस्पेक्टर देवेंद्र सिंह ने बताया कि तीनों महिलाओं के शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेजा गया है। हादसा करने वाला वाहन मैक्स गाड़ी बताई जा रही है, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है। मौत की खबर से मृतको के परिजनों बेहाल हैं।