यूपी के जिला अमरोहा के गजरौला हसनपुर रोड पर बुधवार तड़के एक बड़ा हादसा हो गया। अज्ञात वाहन की टक्कर से टेम्पो सवार 4 लोगों की मौत हो गई और एक गम्भीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए। घायल को इलाज के लिए अस्पताल भेजा और शवों को मोर्चरी भिजवाया। साथ ही मृतकों के परिजनों को हादसे की खबर दी। मृतकों के परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के मुताबिक, जनपद संभल के थाना कैलादेवी इलाके के गांव सारंगपुर माजरा के रहने वाले 20 वर्षीय नौबत सिंह, राज बहादुर, अनुज, देवेंद्र समेत पांच लोग टेम्पो में सवार होकर गाजियाबाद जा रहे थे। सभी गाजियाबाद में मेहनत मजदूरी करते थे। टेम्पो हसनपुर रोड स्थित गांव सिहाली जागीर के पास पहुंचा था। तभी कोई अज्ञात वाहन टक्कर मारकर भाग गया। हादसे में देवेंद्र गम्भीर रूप से घायल हो गया, जबकि अन्य सभी की दर्दनाक मौत हो गई।
उधर, हादसे की खबर मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई । पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम हाउस के लिए भिजवाया। घायल का इलाज जारी है। पुलिस पता कर रही है कि टेंपो में किस वाहन ने टक्कर मारी थी। इसके लिए घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी फुटेज पुलिस खंगाल रही है।
सीओ गजरौला ने बताया कि हसनपुर रोड पर हादसा हुआ है। इसमे टेंपो सवार चार लोगों की मृत्यु हुई है। मृतक जनपद संभल के रहने वाले हैं जो कि गाजियाबाद में मेहनत मजदूरी करते थे। फिलहाल पुलिस ने शवों को मोर्चरी ( अमरोहा ) भिजवा दिया है। उस वाहन का पता लगाया जा रहा है, जिसने टक्कर मारी है।