करवाचौथ पर पत्नी के सामने पति की दर्दनाक मौत, अलीगढ़ का रहने वाला था मृतक

उत्तर प्रदेश के जिला हाथरस के कस्बा सिकंदराराऊ तहसील क्षेत्र में रात करवा चौथ पर एक विवाहिता का सुहाग उजड़ गया। हसायन थाना क्षेत्र के गांव कटाई में करवा चौथ के मौके पर अपनी ससुराल गए युवक की छत से गिर कर दर्दनाक मौत हो गई। परिजनों में कोहराम मच गया। युवक दिल्ली में सिलाई का काम करता है।

जानकारी के अनुसार, 30 वर्षीय राजीव कुमार पुत्र रंजीत कुमार निवासी न्यू राजेन्द्र नगर , गूलर रोड जनपद अलीगढ़ का रहने वाला था और दिल्ली में मजदूरी पर सिलाई का काम करता था। हाथरस के थाना हसायन इलाके के गांव कटाई में राजीव कुमार की ससुराल है। उसकी पत्नी अपने मायके में थी। इसलिए बुधवार को करवा चौथ के मौके पर राजीव दिल्ली से ससुराल गया था। बुधवार की रात को जब उसकी पत्नी करवा चौथ की पूजा कर रही थी और राजीव घर की छत पर बैठा था। तभी अचानक संतुलन बिगड़ने के कारण वह छत से नीचे जमीन पर गिर गया।

हादसे में उसके सिर में गंभीर चोट आई। आनन फानन में राजीव को इलाज के लिए स्वास्थ्य केन्द्र सिकन्दराराऊ लाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। राजीव की मौत की खबर से ससुराली जनों में कोहराम मच गया। राजीव के शव के पास करवा चौथ के दिन विधवा हुई उसकी पत्नी बदहवास बैठी हुई थी। वह सुदबुद खो बैठी है। इधर, घटना की खबर पाकर राजीव के परिवार वाले अलीगढ़ से हसायन पहुंच। गए। उनका भी रो रोकर बुरा हाल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

%d bloggers like this: