वर्ल्ड अपडेट्स:न्यूयॉर्क की एम्पायर स्टेट बिल्डिंग पर चढ़ा कपल, प्रपोज किया; दोनों गिरफ्तार

अमेरिका के न्यूयॉर्क में एक कपल सुरक्षा व्यवस्था को चकमा देकर एम्पायर स्टेट बिल्डिंग की चोटी पर चढ़ गया। दोनों ने वहां “व्हेन द पावर ऑफ लव बीट्स द लव ऑफ पावर, द वर्ल्ड नोज पीस” लिखा बैनर लहराया और फिर एक-दूसरे को प्रपोज किया। इस पूरी घटना की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो गईं। इसके बाद पुलिस और इमरजेंसी सर्विस के जवान सीढ़ियों के जरिए दोनों तक पहुंचे और उन्हें सुरक्षित नीचे उतारा। एंजेला निकोलाउ और इवान कुजनेत्सोव के खिलाफ सेंधमारी, अवैध घुसपैठ, लापरवाही से जान खतरे में डालने और संपत्ति को नुकसान पहुंचाने समेत कई धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि दोनों प्रतिबंधित इलाके तक कैसे पहुंचे। यह कपल पहले भी ऊंची इमारतों पर खतरनाक स्टंट करने के लिए जाना जाता है और इन पर 2024 में “स्काईवॉकर्स: अ लव स्टोरी” नाम की डॉक्यूमेंट्री भी बन चुकी है। अंतरराष्ट्रीय मामलों से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें… अरब सागर में अमेरिकी नौसेना के हेलिकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग अमेरिकी नौसेना के MH-60S सीहॉक हेलिकॉप्टर ने बुधवार को अरब सागर में इमरजेंसी वॉटर लैंडिंग की। हेलिकॉप्टर में सवार चार क्रू मेंबर में से तीन को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि एक अब भी लापता है। उसकी तलाश में नौसेना का सर्च ऑपरेशन जारी है। अमेरिकी नौसेना के मुताबिक, हेलिकॉप्टर USS जॉर्ज एच. डब्ल्यू. बुश विमानवाहक पोत से उड़ान पर था। इमरजेंसी लैंडिंग के बाद बचाए गए तीनों क्रू मेंबर की हालत स्थिर है। अमेरिकी नौसेना ने कहा कि शुरुआती जांच में हेलिकॉप्टर पर किसी हमले के संकेत नहीं मिले हैं। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसका पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल लापता क्रू मेंबर की तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

%d bloggers like this: