बलिया के बांसडीहरोड थाना क्षेत्र के शहपुरवा गांव में गुरुवार सुबह हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर खेत में गिर गया। जिससे पिता-पुत्र करंट की चपेट में आ गए। मौके पर ही दोनों की मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घटना गुरुवार की सुबह करीब 6 बजे की है। जानकारी के अनुसार, शहपुरवा गांव निवासी जनार्दन यादव (58) और उनके बेटे राजेश यादव (28) अपने खेत में काम कर रहे थे। इसी दौरान खेत में 11 हजार वोल्ट का हाईटेंशन तार टूटकर गिर गया। राजेश यादव इस तार की चपेट में आ गए। बेटे को बिजली के तार की चपेट में आया देख जनार्दन यादव अपनी जान की परवाह किए बिना उसे बचाने के लिए दौड़े। बचाव के प्रयास में जनार्दन भी बिजली की चपेट में आ गए, जिससे पिता-पुत्र दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने बिजली विभाग की लापरवाही का आरोप लगाया। सूचना पाकर बांसडीहरोड पुलिस के साथ बांसडीह विधायक प्रतिनिधि विश्राम सिंह और तहसीलदार नितिन सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे। विधायक प्रतिनिधि विश्राम सिंह ने कहा कि विद्युत विभाग का जो भी अधिकारी या कर्मचारी इस घटना के लिए दोषी पाया जाएगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा और उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

