पीलीभीत में रेलवे स्टेशन चौराहे पर वन विभाग की छापेमारी:4 तस्कर गिरफ्तार, प्रतिबंधित कटरूआ की अवैध बिक्री का भंडाफोड़

पीलीभीत में वन एवं वन्यजीव प्रभाग की टीम ने मंगलवार, 28 जुलाई 2026 को रेलवे स्टेशन चौराहे के पास बड़ी कार्रवाई की। टीम ने प्रतिबंधित वन उपज ‘कटरूआ’ की अवैध बिक्री करते हुए चार लोगों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। इस कार्रवाई से अवैध वन उपज के व्यापार में लिप्त गिरोहों में हड़कंप मच गया है। प्रभागीय निदेशक (DFO) भरत कुमार डीके ने बताया कि 28 जुलाई 2026 को सुबह 11:00 बजे पीलीभीत रेंज के अंतर्गत स्टेशन चौराहे पर प्रतिबंधित ‘कटरूआ’ की अवैध बिक्री की सूचना मिली थी। मुखबिर की जानकारी पर पीलीभीत रेंज स्तर से एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसने तत्काल छापेमारी की। छापेमारी के दौरान रेलवे स्टेशन चौराहे के पास से आदित्य सक्सेना (पुत्र बबलू सक्सेना, निवासी बरहा, थाना-सुनगढ़ी), बबलू मौर्या (पुत्र ईश्वरीप्रसाद मौर्या, निवासी छोटा खुदागंज, थाना-कोतवाली), जितेन्द्र (पुत्र बेगराज, निवासी बरहा, थाना-सुनगढ़ी) और सतीश कुमार (पुत्र बाबूराम, निवासी बरहा, थाना-सुनगढ़ी) को गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से लगभग 8 किलोग्राम प्रतिबंधित ‘कटरूआ’ और अवैध बिक्री में इस्तेमाल हो रहे 8 तराजू-बांट बरामद किए गए। अवैध व्यापार के खिलाफ अभियान वन विभाग ने गिरफ्तार किए गए सभी चारों अभियुक्तों के खिलाफ पीलीभीत रेंज में रेंज केस संख्या–75/2026-27 (दिनांक 28.07.2026) दर्ज किया है। प्रभागीय निदेशक भरत कुमार डीके ने बताया कि मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और प्रतिबंधित वन उपज के अवैध व्यापार के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *