ईरानी सुप्रीम लीडर मुजतबा का जंग के बाद पहला VIDEO:लोगों से बात करते नजर आए, जल्द मौत होने का दावा किया जा रहा था

ईरान के नए सुप्रीम लीडर मुजतबा खामेनेई का जंग के बाद पहला वीडियो सामने आया है। इसे ईरान की न्यूज एजेंसी मेहर ने जारी किया है। इसमें मुजतबा जमीन पर बैठे लोगों के बीच नजर आ रहे हैं और उनसे बातचीत करते दिख रहे हैं। सुप्रीम लीडर बनने के बाद यह उनका पहला वीडियो है। हालांकि, वीडियो कब रिकॉर्ड किया गया था, इसकी जानकारी नहीं दी गई है। पिछले कुछ दिनों से उनकी सेहत को लेकर तरह-तरह के दावे किए जा रहे थे। इजराइली चैनल 14 ने सूत्रों के हवाले से कहा था कि उनकी हालत गंभीर है और वे अस्पताल में भर्ती हैं। यहां तक कि जल्दी ही उनकी मौत होने तक की आशंका जताई गई थी। ऐसे में अब यह वीडियो सामने आने के बाद इन दावों पर सवाल खड़े हो गए हैं, लेकिन उनकी मौजूदा हालत को लेकर तस्वीर अब भी पूरी तरह साफ नहीं है। सऊदी मीडिया ने कहा था- मुजतबा ईरान में नहीं हैं सऊदी मीडिया अल-हदथ ने एक इजराइली सुरक्षा सूत्र के हवाले से कहा था कि मुजतबा उस वक्त ईरान में नहीं थे। सूत्र के मुताबिक, मुजतबा के नाम से जो सरकारी संदेश जारी हो रहे थे, उन्हें IRGC के नए प्रमुख अहमद वाहिदी और दूसरे बड़े अधिकारी तैयार कर रहे थे। मुजतबा सुप्रीम लीडर बनने के बाद से सार्वजनिक तौर पर कहीं नजर नहीं आए थे। उन्होंने कोई भाषण भी नहीं दिया था। सरकारी न्यूज एजेंसियों ने उनके नाम से सिर्फ कुछ लिखित संदेश जारी किए थे। ईरानी मीडिया के मुताबिक, पिता और पूर्व सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद भी मुजतबा ने किसी मंत्री से मुलाकात नहीं की थी। वे अपने पिता के अंतिम संस्कार में भी नजर नहीं आए थे। राष्ट्रपति मसूद पजशकियान भी कह चुके हैं कि मुजतबा से सीधे संपर्क करना मुश्किल है। ईरान पहले भी खारिज कर चुका है सेहत से जुड़े दावे ईरान पहले भी मुजतबा की सेहत को लेकर लगाई जा रही अटकलों को खारिज कर चुका है। इससे पहले इजराइली मीडिया ने दावा किया था कि 28 फरवरी को अमेरिका-इजराइल के हमले में मुजतबा गंभीर रूप से घायल हुए थे। द न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक हमले के बाद से मुजतबाएक गुप्त ठिकाने पर हैं, जहां डॉक्टरों की टीम उनकी देखभाल कर रही है। मुजतबा की हालत गंभीर बताई गई थी। रिपोर्ट के मुताबिक उनके एक पैर की तीन बार सर्जरी की गई। साथ ही दावा किया गया था कि उन्हें कृत्रिम पैर लगाया जा सकता है। उनके एक हाथ की भी सर्जरी हुई थी। चेहरे और होंठ पर गंभीर चोटों के कारण उन्हें बोलने में परेशानी हो रही थी। ईरानी अधिकारियों ने इन दावों को खारिज करते हुए कहा था कि उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं लगी। पिता की मौत के बाद सुप्रीम लीडर बने मुजतबा मुजतबा खामेनेई ईरान के पूर्व सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई के दूसरे बेटे हैं। अली खामेनेई की मौत के बाद मुजतबा 56 साल की उम्र में ईरान के नए सुप्रीम लीडर बने। मुजतबा लंबे समय से ईरान की सत्ता में पर्दे के पीछे प्रभाव रखने वाले नेताओं में गिने जाते रहे हैं। उन्होंने कभी कोई चुनाव नहीं लड़ा और न ही सरकार में कोई औपचारिक पद संभाला। इसके बावजूद उनके पिता के कार्यालय, IRGC और सुरक्षा तंत्र में मजबूत संपर्क माने जाते रहे हैं। सुप्रीम लीडर बनने से पहले मुजतबा का सार्वजनिक प्रोफाइल काफी सीमित था। उन्होंने ईरान-इराक युद्ध के आखिरी दौर में IRGC में सेवा की और बाद में कोम में शिया धर्मशास्त्र और इस्लामी कानून की पढ़ाई की। मुजतबा को उनके पिता का करीबी माना जाता था। 2009 के राष्ट्रपति चुनाव के बाद हुए प्रदर्शनों के दौरान भी उनका नाम सत्ता के भीतर प्रभाव रखने वाले लोगों के बीच सामने आया था। 2019 में अमेरिका ने उन पर प्रतिबंध लगाते हुए कहा था कि वे बिना किसी निर्वाचित पद के भी सुप्रीम लीडर का प्रतिनिधित्व करते थे। —————————– ईरान जंग से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें… हूती विद्रोहियों का यमन और सऊदी अरब पर हमला:यमन के 58 सैनिकों की मौत, सऊदी में 11 घायल, कई जगह आग लगी ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने गुरुवार को सऊदी अरब और यमन में एक साथ बड़े हमले किए। पहला हमला यमन सरकार के मिलिट्री ठिकानों पर बैलिस्टिक मिसाइल और ड्रोन से हुआ, जिसमें 58 सैनिकों की मौत हुई और दर्जनों घायल हो गए। पूरी खबर यहां पढ़ें…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *