पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और आर्मी चीफ फील्ड मार्शल आसिम मुनीर की जोड़ी को 2027 के दुनिया के सबसे प्रभावशाली मुस्लिमों की लिस्ट में पहला स्थान मिला है। यह लिस्ट जॉर्डन के थिंक टैंक रॉयल इस्लामिक स्ट्रैटेजिक स्टडीज सेंटर (RISSC) ने जारी की है। पाकिस्तानी जोड़ी के अलावा सऊदी अरब के किंग सलमान, क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान और तुर्किये के राष्ट्रपति रेसेप तैयप एर्दोगन को भी संयुक्त रूप से पहला स्थान मिला है। 2026 की लिस्ट में आसिम मुनीर और शहबाज शरीफ का नाम टॉप-50 में भी नहीं था। इस बार उन्हें शामिल करने की वजह पाकिस्तान का सऊदी और तुर्किये से मक्का समझौता है। इस समझौते के तहत अगर तीन देशों में से किसी एक पर हमला होता है, तो बाकी दो देश भी इसे अपने ऊपर हमला मानेंगे और उसकी मदद करेंगे। जमीयत उलेमा-ए-हिंद के अध्यक्ष मौलाना महमूद मदनी टॉप-50 में शामिल होने वाले इकलौते भारतीय हैं। उन्हें 18वां स्थान मिला है। पिछले साल वे 16वें स्थान पर थे। सुप्रीम लीडर मुजतबा खामेनेई चौथे नंबर पर RISSC 2009 से हर साल ‘द मुस्लिम 500’ नाम की लिस्ट जारी कर रहा है। पिछले 18 साल में यह पहली बार है जब पांच नेताओं को एक साथ पहला स्थान दिया गया है। 2027 की लिस्ट में ईरान के सुप्रीम लीडर मुजतबा खामेनेई चौथे नंबर पर हैं। इसके बाद कतर के शेख तमीम बिन हमद अल-थानी पांचवें और जॉर्डन किंग अबदुल्ला छठे नंबर पर हैं। पाकिस्तान के मुफ्ती तकी उस्मानी सातवें और यमन के हूती नेता अब्दुल-मलिक अल-हूती 17वें नंबर पर हैं। अफगानिस्तान के तालिबान सुप्रीम लीडर हैबतुल्लाह अखुंदजादा, सीरिया के अहमद अल-शरा और न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी भी टॉप-50 में शामिल हैं। गाजा के डॉक्टर को ‘मैन ऑफ द ईयर’ सम्मान गाजा में बच्चों के डॉक्टर हुसाम अबू सफिया को 2027 का ‘मैन ऑफ द ईयर’ चुना गया है। उन्हें यह सम्मान युद्ध के दौरान मरीजों को छोड़कर अस्पताल से जाने से इनकार करने और अपनी जान जोखिम में डालकर उनका इलाज जारी रखने के लिए दिया गया है। 27 दिसंबर 2024 को इजराइली सेना ने कमाल अदवान अस्पताल पर हमला किया और उसमें आग लगा दी। उस समय सफिया सफेद कोट पहने अस्पताल से बाहर निकले और वहां मौजूद इजराइली बख्तरबंद गाड़ियों की ओर बढ़े। इसके बाद उन्हें हिरासत में ले लिया गया। इससे पहले अस्पताल में इजराइली हमले में उनके बेटे इब्राहिम की मौत हो गई थी, लेकिन उन्होंने मरीजों का इलाज जारी रखा। वह करीब 2 साल से बिना आरोप और मुकदमे के इजराइली हिरासत में हैं। ईरान की छात्रा वुमन ऑफ द ईयर चुनी गईं ईरान की छात्रा फातिमा जहरा शेखाबादी को 2027 का ‘वुमन ऑफ द ईयर’ चुना गया है। उन्हें यह सम्मान ईरान के मिनाब शहर में स्कूल पर हुए मिसाइल हमले में बचने और वहां मारे गए बच्चों की कहानी दुनिया तक पहुंचाने के लिए दिया गया है। 28 फरवरी 2026 को वह अपने दोस्तों के साथ स्कूल के मैदान में खेल रही थीं, तभी स्कूल पर दो मिसाइलें गिरीं। इस हमले में उनके कई दोस्तों और शिक्षकों की मौत हो गई। बच्चों को लेने आए कुछ माता-पिता भी मारे गए। फातिमा इस हमले में बच गईं। बाद में उन्होंने स्विट्जरलैंड के जिनेवा में संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद के सामने अपनी आपबीती सुनाई। उन्होंने बताया कि कैसे उन्होंने अपने दोस्तों और शिक्षकों को अपनी आंखों के सामने मरते देखा। उन्होंने दुनिया के नेताओं से मिनाब के बच्चों की आवाज सुनने की अपील की। प्रभावशाली 500 मुस्लिमों में ये भारतीय भी शामिल मौलाना महमूद मदनी के अलावा AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी, कारोबारी अजीम प्रेमजी और दाऊदी बोहरा समुदाय के धर्मगुरु सैयदना मुफद्दल सैफुद्दीन भी 500 लोगों की सूची में हैं। बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान, आमिर खान, सलमान खान और शबाना आजमी के साथ संगीतकार एआर रहमान का नाम भी इस सूची में शामिल है। टॉप-50 में शामिल इकलौते भारतीय मदनी कौन हैं ? मौलाना महमूद मदनी जमीयत उलेमा-ए-हिंद के अध्यक्ष हैं। यह संगठन 1919 में देवबंद के इस्लामी विद्वानों ने बनाया था। संगठन ने ऐतिहासिक रूप से धर्म के आधार पर अलग राष्ट्रीय पहचान बनाने के विचार का विरोध किया और सभी समुदायों के साथ मिलकर रहने की बात की। महमूद मदनी ने 1992 में दारुल उलूम देवबंद से पढ़ाई पूरी की थी। उनके दादा हुसैन अहमद मदनी 1957 तक जमीयत के प्रमुख रहे। इसके बाद उनके पिता असद मदनी ने संगठन की कमान संभाली। 2006 में पिता की मौत के बाद संगठन में नेतृत्व को लेकर विवाद हुआ था। महमूद मदनी 2001 से 2021 तक संगठन के महासचिव रहे। इसके बाद उन्हें राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया। रिपोर्ट में अल्पसंख्यकों के अधिकारों, नागरिकता और धार्मिक आजादी के लिए उनकी कानूनी लड़ाई का जिक्र है। शाही संरक्षण में काम करता है RISSC जॉर्डन का रॉयल इस्लामिक स्ट्रैटेजिक स्टडीज सेंटर (RISSC) इस्लामी दुनिया से जुड़े मुद्दों पर काम करने वाला एक जाना-माना शोध संस्थान है। यह संस्थान साल 2009 से हर साल ‘द मुस्लिम 500’ नाम से एक रिपोर्ट जारी करता है। इसमें दुनिया के 500 सबसे प्रभावशाली मुस्लिम व्यक्तित्वों की सूची तैयार की जाती है। इस रिपोर्ट में राजनीति, धर्म, शिक्षा, कारोबार, विज्ञान, मीडिया और समाज सेवा जैसे अलग-अलग क्षेत्रों में काम करने वाले मुस्लिम व्यक्तित्वों को शामिल किया जाता है। इसका उद्देश्य यह पहचानना है कि दुनियाभर में मुस्लिम समाज और इस्लामी दुनिया पर किन लोगों का सबसे ज्यादा प्रभाव है। RISSC, जॉर्डन के रॉयल आल अल-बेत इंस्टीट्यूट फॉर इस्लामिक थॉट से संबद्ध है। यह संस्थान जॉर्डन के शाही परिवार के संरक्षण में काम करता है। ———————- यह खबर भी पढ़ें… रिपोर्ट- अमेरिका पर हमला कर सकता है ईरान: केमिकल हथियार के इस्तेमाल की तैयारी; ट्रम्प के बड़े अधिकारी निशाने पर, सुरक्षा बढ़ाई अमेरिकी खुफिया एजेंसियों को शक है कि ईरान राजधानी वॉशिंगटन में डर्टी बम या केमिकल हथियार से हमला करने की योजना बना रहा है। CNN की रिपोर्ट के मुताबिक, इस संभावित हमले में ट्रम्प प्रशासन के बड़े अधिकारियों को निशाना बनाया जा सकता है। पूरी खबर पढ़ें…

