लंदन में शेख हसीना विरोधी नेता के कार्यक्रम में झड़प:अवामी लीग समर्थकों ने अंडे-पानी की बोतलें फेंकीं; पुलिस ने लाठीचार्ज किया

ब्रिटेन की राजधानी लंदन में सोमवार रात बांग्लादेशी नेता नाहिद इस्लाम के स्वागत कार्यक्रम के दौरान हंगामा हो गया। पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग और नेशनल सिटिजन पार्टी (NCP) के समर्थक आपस में भिड़ गए। अवामी लीग के समर्थकों ने कार्यक्रम में पहुंच रहे लोगों पर अंडे और पानी की बोतलें फेंकीं। इसके बाद दोनों गुटों के बीच सड़क पर मारपीट शुरू हो गई। हालात काबू करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया। झड़प में 4 से 5 लोग घायल हुए हैं। ढाका ट्रिब्यून और प्रोथोम आलो की रिपोर्ट के मुताबिक, घटना पूर्वी लंदन के रोमफोर्ड इलाके में मेफेयर हॉल के बाहर हुई। ब्रिटिश-बांग्लादेशी समुदाय ने नाहिद इस्लाम के सम्मान में यह कार्यक्रम आयोजित किया था। नाहिद बांग्लादेश की ढाका-11 सीट से सांसद हैं। झड़प से जुड़ी 2 तस्वीरें… कार्यक्रम में आने वालों पर फेंके अंडे और बोतलें ढाका ट्रिब्यून के मुताबिक, कार्यक्रम के दौरान अवामी लीग के समर्थक हॉल के बाहर जमा हो गए थे। चश्मदीदों और आयोजकों ने बताया कि उन्होंने कार्यक्रम में आने वाले लोगों पर अंडे और पानी की बोतलें फेंकीं। कार्यक्रम खत्म होने के बाद दोनों पक्षों के समर्थक एक-दूसरे के पीछे दौड़ने लगे और सड़क पर मारपीट शुरू हो गई। करीब 20 मिनट तक चली इस झड़प को रोकने के लिए पुलिस ने कई बार लाठीचार्ज किया। ढाका ट्रिब्यून ने 4 लोगों के घायल होने की खबर दी है, जबकि प्रोथोम आलो के मुताबिक, 5 लोग घायल हुए और उन्हें किंग्स कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया। पीछे के रास्ते से निकले नाहिद इस्लाम नाहिद इस्लाम प्रदर्शनकारियों के सीधे सामने आने से बचते रहे। रिपोर्ट के मुताबिक, वे कार्यक्रम शुरू होने से करीब तीन घंटे पहले ही मेफेयर हॉल पहुंच गए थे। जब प्रदर्शनकारी मुख्य दरवाजे पर जमा हुए तो वे पीछे के रास्ते से बाहर निकल गए। नाहिद ने मंगलवार को फेसबुक पर बयान जारी कर अवामी लीग के कार्यकर्ताओं पर हमला करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पार्टी के फरार और कट्टरपंथी कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम में आए बांग्लादेशी प्रवासियों और विश्वविद्यालय के छात्रों को निशाना बनाया। हसीना विरोधी नाहिद इस्लाम कौन हैं नाहिद इस्लाम 2024 में बांग्लादेश में शेख हसीना सरकार के खिलाफ हुए छात्र आंदोलन के प्रमुख नेता रहे हैं। उस समय वे ढाका यूनिवर्सिटी में समाजशास्त्र की पढ़ाई कर रहे थे। सरकारी नौकरियों में आरक्षण के खिलाफ शुरू हुआ आंदोलन बाद में हसीना सरकार को हटाने की मांग में बदल गया। 3 अगस्त 2024 को नाहिद ने हसीना से इस्तीफा मांगा था। इसके दो दिन बाद, 5 अगस्त को हसीना को सत्ता छोड़कर भारत आना पड़ा। हसीना सरकार गिरने के बाद नाहिद अंतरिम सरकार में सूचना सलाहकार बने। फरवरी 2025 में उन्होंने पद छोड़कर दूसरे छात्र नेताओं के साथ नेशनल सिटिजन पार्टी (NCP) बनाई। हसीना की वापसी की चर्चा के बीच बढ़ा तनाव लंदन में यह झड़प ऐसे समय हुई है, जब बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने दिसंबर तक देश लौटने की बात कही है। उनकी संभावित वापसी को लेकर समर्थकों और विरोधियों के बीच तनाव बढ़ रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक, रविवार को हसीना के जन्मस्थान वाले जिले गोपालगंज में अवामी लीग के सैकड़ों कथित समर्थक लाठी और धारदार हथियार लेकर जमा हुए। इस दौरान उनकी पुलिस से झड़प हुई। प्रदर्शनकारियों ने BNP से जुड़े कई ठिकानों और पार्टी कार्यालयों में आग भी लगा दी। दिसंबर में बांग्लादेश लौटने की बात कह रही हैं हसीना 79 साल की शेख हसीना जुलाई से कई बार कह चुकी हैं कि वे दिसंबर में बांग्लादेश लौटेंगी। उन्होंने कहा है कि मौत की सजा सुनाए जाने के बावजूद वे कानूनी लड़ाई लड़ेंगी। बांग्लादेश के अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायाधिकरण ने नवंबर 2025 में हसीना को प्रदर्शनकारियों पर कार्रवाई के मामले में दोषी ठहराया था। कोर्ट ने उन्हें मानवता के खिलाफ अपराधों के लिए उनकी गैरमौजूदगी में मौत की सजा सुनाई थी। हसीना ने इन आरोपों और मुकदमे को मानने से इनकार किया है। —————————————— यह खबर भी पढ़ें… रिपोर्ट-हसीना की वापसी के लिए भारत ने 2 शर्तें रखीं:पहली- बांग्लादेशी सेना सुरक्षित लेकर जाए, दूसरी- फांसी के खिलाफ अपील का मौका मिले बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की वापसी को लेकर भारत ने दो शर्तें रखी हैं। BBC बांग्ला की रिपोर्ट के मुताबिक, भारतीय अधिकारी चाहते हैं कि बांग्लादेश की सेना खुद भारत आए और हसीना को अपने साथ वापस ले जाए। पूरी खबर यहां पढ़ें…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *