अलीगढ़ में 102 व 108 एंबुलेंस कर्मियों को मिला विशेष प्रशिक्षण, आपातकालीन सेवाएं होंगी और बेहतर

– चार जिलों के एंबुलेंस पायलटों को क्लस्टर बेस्ड ट्रेनिंग में दिया जा रहा उन्नत प्रशिक्षण

– मल्टी कैजुअलिटी, मरीज सुरक्षा और त्वरित सेवा के महत्वपूर्ण पहलुओं पर किया गया प्रशिक्षित

– हर तीन माह में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम से सरकारी एंबुलेंस सेवाओं की गुणवत्ता में लगातार सुधार 

उत्तर प्रदेश के जिला अलीगढ़ में सरकारी एंबुलेंस सेवाओं (102 व 108) को और अधिक प्रभावी, तेज तथा गुणवत्तापूर्ण बनाने के उद्देश्य से एंबुलेंस कर्मियों का विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस प्रशिक्षण के माध्यम से कर्मचारियों को आपातकालीन परिस्थितियों में बेहतर सेवाएं प्रदान करने के लिए तैयार किया जा रहा है।

अलीगढ़ में 102 व 108 एंबुलेंस कर्मियों को मिला विशेष प्रशिक्षण, आपातकालीन सेवाएं होंगी और बेहतर

जनपद के प्रोग्राम मैनेजर मोहम्मद अरशद ने बताया कि इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में रीजनल मैनेजर नेहाल राजा ने पहुंचकर प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे एंबुलेंस कर्मियों के कार्यों की सराहना की तथा उन्हें भविष्य में और अधिक बेहतर सेवा देने के लिए प्रेरित किया।

ईएमआरआई ग्रीन हेल्थ सर्विस संस्था की ओर से आए प्रशिक्षक मनोज कुमार एवं क्वालिटी ऑडिटर मंतोष वर्मा ने एंबुलेंस कर्मचारियों को विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत प्रशिक्षण दिया। मोहन लाल गौतम राजकीय महिला चिकित्सालय, अलीगढ़ में आयोजित इस क्लस्टर बेस्ड ट्रेनिंग कार्यक्रम में अलीगढ़, बुलंदशहर, गाजियाबाद और गौतम बुद्ध नगर सहित चार जिलों के एंबुलेंस पायलटों को अलग-अलग बैचों में बुलाकर प्रशिक्षित किया जा रहा है।

प्रशिक्षण के दौरान पायलटों को मल्टी कैजुअलिटी (एक साथ कई घायलों की स्थिति) में कार्य करने, ईएमटी स्टाफ की सहायता करने, घटनास्थल से अस्पताल तक सुरक्षित एवं त्वरित पहुंच सुनिश्चित करने, एंबुलेंस की स्वच्छता बनाए रखने, मरीज तक समय पर पहुंचने और सभी आवश्यक सुरक्षा मानकों का पालन करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर बारीकी से जानकारी दी जा रही है।
प्रोग्राम मैनेजर मोहम्मद अरशद ने बताया कि इस प्रकार का प्रशिक्षण प्रत्येक तीन माह में आयोजित किया जाता है, जिससे एंबुलेंस सेवाओं की गुणवत्ता में लगातार सुधार हो रहा है और आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल रही हैं।

कब करें 108 और 102 एंबुलेंस सेवा का उपयोग ?

108 एंबुलेंस सेवा:
किसी भी प्रकार की आपातकालीन स्थिति जैसे सड़क दुर्घटना, हार्ट अटैक, तेज बुखार, ब्लड प्रेशर की समस्या, जानवर के काटने या अन्य गंभीर स्वास्थ्य संकट में 108 नंबर पर कॉल करें।

102 एंबुलेंस सेवा:
गर्भवती महिलाओं तथा 2 वर्ष तक के नवजात शिशुओं को घर से अस्पताल लाने और उपचार के बाद अस्पताल से सुरक्षित घर पहुंचाने के लिए यह निःशुल्क सेवा उपलब्ध है। सरकारी एंबुलेंस सेवाओं को सशक्त बनाने के लिए इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती प्रदान कर रहे हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

%d bloggers like this: