अलीगढ़ में 19 से 27 जून तक होगी भव्य श्रीराम कथा, शिवानंद ‘भाई श्री’ महाराज करेंगे अमृतवर्षा

अलीगढ़ में आयोजित होगा भव्य एवं ऐतिहासिक श्रीराम कथा महोत्सव

अलीगढ़। शहर के नौरंगाबाद स्थित डीएवी इंटर कॉलेज में आगामी 19 जून से 27 जून 2026 तक भव्य श्रीराम कथा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान  शिवानंद ‘भाई श्री’ महाराज (तीर्थ नैमिषारण्य) अपने मुखारविंद से श्रीराम कथा का रसपान कराएंगे। आयोजन को लेकर आयोजित पत्रकार वार्ता में इसकी विस्तृत जानकारी दी गई।

5 से 8 हजार श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्था

पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए शिवानंद ‘भाई श्री’ महाराज ने बताया कि यह आयोजन अलीगढ़ के इतिहास में एक भव्य धार्मिक आयोजन के रूप में स्थापित होगा। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 5 से 8 हजार लोगों की क्षमता वाला वाटरप्रूफ पांडाल तैयार कराया जा रहा है।

पांडाल में श्रद्धालुओं के बैठने के लिए सोफा और कुर्सियों की विशेष व्यवस्था की जाएगी। गर्मी के मौसम को देखते हुए पर्याप्त संख्या में कूलर और पंखे लगाए जाएंगे ताकि श्रद्धालु आरामपूर्वक कथा श्रवण कर सकें।

प्रतिदिन शाम 5:30 बजे से होगी कथा

आयोजकों के अनुसार श्रीराम कथा प्रतिदिन सायं 5:30 बजे से रात्रि 9:00 बजे तक आयोजित होगी। कथा के उपरांत प्रत्येक दिन श्रद्धालुओं के लिए भंडारे (प्रसादी) की व्यवस्था भी रहेगी।

भक्तिमयी वाणी से मिलेगा आध्यात्मिक संदेश

कथा व्यास शिवानंद भाई श्री महाराज अपनी ओजस्वी, भक्तिमयी एवं ज्ञानवर्धक वाणी के लिए देश-विदेश में प्रसिद्ध हैं। कथा के दौरान श्रीरामचरितमानस के विभिन्न प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन किया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं को धर्म, भक्ति और आदर्श जीवन की प्रेरणा प्राप्त होगी।

सभी सनातन धर्म प्रेमियों से सहभागिता की अपील

उन्होंने बताया कि इस पावन आयोजन के वास्तविक प्रेरणास्रोत श्री हनुमान जी महाराज हैं तथा अलीगढ़ के सनातन धर्मावलंबी भक्तगण तन, मन और धन से इस आयोजन को सफल बनाने में सहयोग कर रहे हैं।

आयोजकों ने समस्त श्रद्धालुओं एवं धर्मप्रेमी नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर श्रीराम कथा का श्रवण करने तथा धर्म लाभ प्राप्त करने की अपील की है।

ये लोग रहे उपस्थित

पत्रकार वार्ता में भाजपा नेता मानव महाजन, जिला महामंत्री भाजपा निखिल माहेश्वरी, जिला उपाध्यक्ष विजय विक्रम सिंह, निखिल अग्रवाल, कौशल वार्ष्णेय एवं रविन्द्र शर्मा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

%d bloggers like this: