शौर्य चक्र विजेता मरीन कमांडो राम गोयल का गांव में भव्य स्वागत

अलीगढ़। इगलास तहसील के बेसवां कस्बे के निवासी भारतीय नौसेना के मरीन कमांडो राम गोयल को उनकी अदम्य वीरता और साहस के लिए देश के प्रतिष्ठित वीरता सम्मान “शौर्य चक्र” से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान उन्हें जम्मू-कश्मीर में एक आतंकवाद विरोधी अभियान के दौरान असाधारण बहादुरी का प्रदर्शन करने पर प्रदान किया गया।

राष्ट्रपति के हाथों सम्मान प्राप्त करने के बाद जब राम गोयल अपने पैतृक गांव बेसवां पहुंचे तो क्षेत्रवासियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। गांव में जगह-जगह फूल-मालाओं और ढोल-नगाड़ों के साथ उनका अभिनंदन किया गया। ग्रामीणों ने उन्हें अपनी धरती का गौरव बताते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि से पूरे क्षेत्र का नाम रोशन हुआ है।

इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने राम गोयल को सम्मानित किया। लोगों ने कहा कि उनकी वीरता युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है और देश सेवा के प्रति समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण भी।

राम गोयल की इस उपलब्धि से न केवल बेसवां कस्बा बल्कि पूरा अलीगढ़ जिला गौरवान्वित महसूस कर रहा है। क्षेत्र में खुशी का माहौल है और लोग उन्हें देश का सच्चा नायक बता रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

%d bloggers like this: