सीरिया में फ्रांसीसी राष्ट्रपति के दौरे के बीच धमाके:जिस होटल में ठहरे थे, उससे 125 मीटर दूर दो ब्लास्ट, मैक्रों बोले- दौरा जारी रहेगा

सीरिया की राजधानी दमिश्क में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के दौरे के बीच मंगलवार को धमाके हुए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक मैक्रों जिस फोर सीजंस होटल में रुके थे, उससे 125 मीटर दूर दो ब्लास्ट हुए हैं। मैक्रों सोमवार को दमिश्क पहुंचे थे। सीरियाई मीडिया के मुताबिक, धमाकों में 18 लोग घायल हुए हैं, जिनमें 4 पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में घटनास्थल से धुआं और आग की लपटें उठती दिखाई दीं। घटना के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी और सड़कों को बंद कर दिया। फ्रांसीसी राष्ट्रपति कार्यालय एलिसी पैलेस ने बताया कि मैक्रों पूरी तरह सुरक्षित हैं। घटना के बाद मैक्रों ने सोशल मीडिया पर लिखा, ‘सीरिया के लोग एक पूरी तरह आजाद, सुरक्षित, एकजुट और सभी समुदायों को साथ लेकर चलने वाला देश चाहते हैं। उनके इस सपने को कोई नहीं रोक सकता। मेरा दौरा जारी रहेगा।’ धमाके से जुड़ी 4 फुटेज… तख्तापलट के बाद सीरिया पहुंचने वाले मैक्रों पहले यूरोपीय नेता मैक्रों बशर अल-असद के सत्ता से हटने के बाद वह सीरिया का दौरा करने वाले पहले बड़े यूरोपीय नेता बन गए हैं। सोमवार को दमिश्क एयरपोर्ट पर सीरिया के विदेश मंत्री असद अल-शैबानी ने उनका स्वागत किया। मैक्रों ने आज राष्ट्रपति अहमद अल-शरा से मुलाकात की और दोनों नेताओं ने ऐतिहासिक उमय्यद मस्जिद का भी दौरा किया। मैक्रों के दौरे में सीरिया के पुनर्निर्माण, विदेशी निवेश, सुरक्षा सहयोग और आतंकवाद विरोधी अभियान प्रमुख एजेंडा हैं। दोनों देशों के बीच बुनियादी ढांचे, वित्त और ऊर्जा क्षेत्र में कई समझौतों पर भी चर्चा हो रही है। कुछ दिन पहले भी हुआ था धमाका 3 जुलाई को भी दमिश्क के पैलेस ऑफ जस्टिस के पास एक कैफे में बम धमाका हुआ था। इस हमले में 5 लोगों की मौत हुई थी और 20 लोग घायल हुए थे। दमिश्क के गवर्नर माहेर मरवान इदलिबी ने बताया था कि कैफे में इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) लगाया गया था। मामले में एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा था कि कुछ तत्व देश में अस्थिरता फैलाने की कोशिश कर रहे हैं, हालांकि इस हमले को किसी आतंकी संगठन से नहीं जोड़ा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

%d bloggers like this: