कासगंज में युवक की आत्महत्या पर परिजनों का कैंडल मार्च:प्रेम प्रसंग में प्रताड़ना का आरोप, निष्पक्ष जांच की मांग

कासगंज शहर में 6 जुलाई को हुई ऋषभ सक्सेना की आत्महत्या का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। शुक्रवार रात मृतक के परिजनों और समर्थकों ने शहर में कैंडल मार्च निकालकर गांधी मूर्ति पर श्रद्धांजलि अर्पित की और मामले में न्याय की मांग की। मृतक के पिता प्रदीप कुमार ने कोतवाली कासगंज में तहरीर देकर कई लोगों पर बेटे को आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि रिश्तेदारी के माध्यम से ऋषभ की पहचान एक युवती से हुई थी, जिसके बाद दोनों के बीच प्रेम संबंध स्थापित हो गए थे। तहरीर के अनुसार, सोशल मीडिया पर मिले वीडियो और कथित सुसाइड नोट से पता चलता है कि दोनों शादी करना चाहते थे। आरोप है कि बीती 10 मई को युवती के परिजनों ने शादी का झांसा देकर ऋषभ को बुलाया, जहां उसे कथित रूप से बंधक बनाकर जबरन एक लिखित समझौते पर हस्ताक्षर कराए गए। परिजनों का आरोप है कि इस दौरान युवक का मानसिक उत्पीड़न भी किया गया। मृतक के पिता का कहना है कि इस घटना के बाद ऋषभ लगातार मानसिक तनाव में रहने लगा और अंततः उसने आत्महत्या कर ली। उन्होंने युवती सुहानी सोलंकी, उसकी मां नीलम सोलंकी, भाई तथा अन्य नामजद लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने और मानसिक प्रताड़ना के आरोप में सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सुसाइड नोट, सोशल मीडिया सामग्री और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की निष्पक्ष जांच के बाद नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *