मृदंग, मंजीरों की धुन और हरिनाम संकीर्तन के बीच श्रद्धालु सड़कों पर निकले तो माहौल भक्तिमय हो गया। श्रीजगन्नाथ रथयात्रा के आयोजन को लेकर इस्कॉन मंदिर की ओर से आमंत्रण यात्रा निकाली गई। भक्तों ने घर-घर और बाजारों में पहुंचकर श्रद्धालुओं को 16 जुलाई को आयोजित होने वाली श्रीजगन्नाथ रथयात्रा में शामिल होने का निमंत्रण दिया। आमंत्रण यात्रा का शुभारंभ करकुंज चौराहे से हुआ। यात्रा कारगिल पेट्रोल पंप होते हुए पश्चिमपुरी चौराहे तक पहुंची। इस दौरान श्रद्धालु मृदंग और मंजीरों के साथ “हरे राम, हरे कृष्ण” का संकीर्तन करते हुए आगे बढ़े। भक्त पीले वस्त्र पहने हुए थे और कई श्रद्धालुओं ने अपने सिर पर भगवान श्रीजगन्नाथ, बहन सुभद्रा और भाई बलराम के विग्रह स्वरूप को श्रद्धापूर्वक धारण किया हुआ था। यात्रा में श्रद्धालुओं के हाथों में भगवा ध्वज नजर आए। भजन-कीर्तन और जयघोष से पूरा मार्ग भक्तिमय हो गया। जगह-जगह स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। इस्कॉन मंदिर की ओर से बताया गया कि श्रीजगन्नाथ रथयात्रा का आयोजन 16 जुलाई को बल्केश्वर महादेव मंदिर से किया जाएगा। इसी के लिए शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को आमंत्रित किया जा रहा है। इस्कॉन मंदिर आगरा के अध्यक्ष अरविंद प्रभु ने बताया कि 11 जुलाई को शाम 5 बजे पीपल वाले गेट से भी आमंत्रण यात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा सिंधी बाजार, रावतपाड़ा, दरेसी, मोतीगंज होते हुए बेलनगंज चौराहे तक जाएगी। पुराने शहर के क्षेत्रों में हरिनाम संकीर्तन के साथ लोगों को रथयात्रा में शामिल होने का निमंत्रण दिया जाएगा। आमंत्रण यात्रा में हिमांशु गुप्ता, केएन सिंघल, शैलेन्द्र अग्रवाल, नितेश अग्रवाल, विकास बंसल (लड्डू भाई) सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

