उन्नाव से चकरपुर मंडी आम लेकर आ रहे लोडर चालक की पनकी थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में मौत हो गई। शनिवार देर रात एलएमएल चौराहे के पास लोहे के पुल के निकट किसी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने लोडर में टक्कर मार दी, जिससे वह अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में चालक की मौके पर ही मौत हो गई। रविवार सुबह पुलिस ने मृतक की पहचान उन्नाव के सफीपुर थाना क्षेत्र के दखिया हसनपुर निवासी संदीप कुमार (30) पुत्र प्रताप के रूप में की। संदीप खेती-किसानी के साथ भाड़े पर लोडर चलाकर परिवार का पालन-पोषण करता था। परिवार में उसके तीन भाई प्रदीप, कुलदीप और आंशू हैं। परिजनों के मुताबिक, संदीप शनिवार देर शाम आम लादकर चकरपुर मंडी के लिए निकला था। देर रात एलएमएल चौराहे के पास लोहे के पुल के निकट किसी अज्ञात वाहन ने उसके लोडर में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि लोडर पलट गया और संदीप उसके नीचे दब गया। रात का समय होने के कारण उसे समय पर मदद नहीं मिल सकी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना पर पहुंची पनकी पुलिस ने चालक के ड्राइविंग लाइसेंस और मोबाइल फोन के जरिए उसकी पहचान कर परिजनों को हादसे की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। एसीपी पनकी अमित चौरसिया ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया गया और बाद में शव परिजनों को सौंप दिया गया। हादसे को अंजाम देने वाले वाहन की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। परिजनों की तहरीर मिलने पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

