₹21.58 करोड़ की लागत से अलीगढ़ की मेडिकल रोड बनेगी वर्ल्ड क्लास, सीएम ग्रिड योजना के तहत हुआ शिलान्यास

अलीगढ़। उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री ग्रीन रोड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट स्कीम अर्बन (सीएम ग्रिड) के अंतर्गत गुरुवार को दोदपुर चौराहे से जे.एन. मेडिकल कॉलेज तक बनने वाली विश्वस्तरीय सड़क परियोजना का भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया गया। लगभग ₹21.58 करोड़ की लागत से बनने वाली इस परियोजना के माध्यम से मेडिकल रोड का आधुनिक स्वरूप में पुनर्विकास किया जाएगा, जिससे शहरवासियों, मरीजों और तीमारदारों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी।

भूमि पूजन कार्यक्रम में महापौर प्रशांत सिंघल एवं नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने संयुक्त रूप से परियोजना का शुभारंभ किया। इस दौरान कई पार्षद एवं जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने इसे अलीगढ़ के शहरी विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने बताया कि वार्ड 75 एवं 81 के अंतर्गत दोदपुर चौराहे से जे.एन. मेडिकल कॉलेज तक लगभग 1.150 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण किया जाएगा। परियोजना में चौड़ी एवं उच्च गुणवत्ता वाली सड़क, आधुनिक फुटपाथ, नाला निर्माण, विद्युत लाइनों की शिफ्टिंग, सीवर एवं पेयजल व्यवस्था, एलईडी स्ट्रीट लाइट, सौंदर्यीकरण और अन्य आधुनिक नागरिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

उन्होंने बताया कि यह परियोजना 16 जुलाई 2026 से शुरू होकर अप्रैल 2027 तक पूरी करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। निर्माण कार्य नगर निगम अलीगढ़ की देखरेख में होगा, जबकि कार्यदायी संस्था यूआरआईडीए (Urban Road Infrastructure Development Agency) होगी। निर्माण एजेंसी को गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।

नगर आयुक्त ने कहा कि मेडिकल रोड शहर का सबसे व्यस्त और महत्वपूर्ण मार्ग है, जो जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल को जोड़ता है। सड़क के चौड़ीकरण और आधुनिकीकरण से एम्बुलेंस सेवाओं, मरीजों, तीमारदारों और आम नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी। इसके साथ ही यह सड़क शहर की विभिन्न सीएम ग्रिड परियोजनाओं को भी आपस में जोड़ते हुए यातायात व्यवस्था को और अधिक सुगम बनाएगी।

परियोजना के तहत आधुनिक ड्रेनेज सिस्टम भी विकसित किया जाएगा, जिससे बरसात के दौरान जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान होगा। वहीं विद्युत लाइनों के भूमिगत या व्यवस्थित स्थानांतरण से सुरक्षा बढ़ेगी और सड़क का सौंदर्य भी बेहतर होगा।

महापौर प्रशांत सिंघल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में अलीगढ़ में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सीएम ग्रिड योजना के माध्यम से अलीगढ़ में आधुनिक शहरी विकास की नई इबारत लिखी जा रही है। यह परियोजना शहर के विकास, बेहतर यातायात व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं को नई पहचान देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *