छात्रों पर लाठीचार्ज को लेकर भड़के भाकियू (भानु), युवा जिलाध्यक्ष कृष्णा ठाकुर को किया गया हाउस अरेस्ट

अलीगढ़। भारतीय किसान यूनियन (भानु) ने जंतर-मंतर पर आंदोलन कर रहे छात्रों के समर्थन में केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर भानु प्रताप सिंह ने नई दिल्ली के जंतर-मंतर पहुंचकर आंदोलनरत छात्रों को समर्थन दिया और संगठन के पदाधिकारियों से भी आंदोलन में शामिल होने का आह्वान किया।

इसी क्रम में भारतीय किसान यूनियन (भानु) के युवा जिलाध्यक्ष कृष्णा ठाकुर जंतर-मंतर जाकर छात्रों के आंदोलन में शामिल होने की तैयारी कर रहे थे। आरोप है कि गभाना थाना पुलिस ने उन्हें उनके आवास पर ही हाउस अरेस्ट कर दिया, जिससे वे दिल्ली नहीं जा सके।

युवा जिलाध्यक्ष कृष्णा ठाकुर ने केंद्र सरकार पर छात्रों की आवाज दबाने का आरोप लगाते हुए कहा कि नीट परीक्षा का पेपर बार-बार लीक होने से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने मांग की कि इस मामले की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान अपने पद से इस्तीफा दें।

उन्होंने यह भी मांग की कि सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को तत्काल रिहा किया जाए। साथ ही, नीट पेपर लीक प्रकरण से मानसिक रूप से प्रभावित होकर आत्महत्या करने वाले छात्र-छात्राओं के परिजनों को केंद्र सरकार एक करोड़ रुपये का मुआवजा प्रदान करे।

कृष्णा ठाकुर ने आरोप लगाया कि जंतर-मंतर से संसद भवन तक शांतिपूर्ण पैदल मार्च कर रहे आंदोलनकारी छात्रों पर पुलिस द्वारा लाठीचार्ज किया जाना लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि किसान, मजदूर और छात्र इस कार्रवाई का जवाब लोकतांत्रिक तरीके से मतदान के माध्यम से देंगे।

उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस प्रशासन हाउस अरेस्ट कर छात्रों की आवाज को नहीं दबा सकता और केंद्र सरकार की कथित तानाशाही का अंत होने वाला है।

हालांकि, यह बयान भारतीय किसान यूनियन (भानु) की ओर से जारी प्रेस नोट पर आधारित है। इन आरोपों और मांगों पर संबंधित प्रशासन अथवा केंद्र सरकार की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *