81 स्कूलों के निरीक्षण में खुली लापरवाही:हाथरस में 5 स्कूलों में नहीं बंटा दूध, एक में एमडीएम बंद, दूसरे में भोजन की गुणवत्ता खराब

हाथरस में सीडीओ के निर्देश पर परिषदीय विद्यालयों में मिड-डे मील (एमडीएम) और दूध वितरण योजना की जांच में लापरवाही सामने आई है। अधिकारियों ने जिले के 81 विद्यालयों का निरीक्षण कर मिड-डे मील की गुणवत्ता और विद्यार्थियों को दूध वितरण की व्यवस्था का सत्यापन किया। निरीक्षण के दौरान विकास खंड सादाबाद के प्राथमिक विद्यालय कुंवरपुर और प्राथमिक विद्यालय नगला चौधरी में विद्यार्थियों को दूध वितरित नहीं किया गया। वहीं, विकास खंड सिकंदराराऊ के प्राथमिक विद्यालय बाजीदपुर और उच्च प्राथमिक विद्यालय बाजीदपुर में भी दूध वितरण नहीं होने की शिकायत सही पाई गई। एक स्कूल में न भोजन मिला, न दूध जांच में प्राथमिक विद्यालय बारमऊ में गंभीर लापरवाही सामने आई। यहां निरीक्षण के दौरान न तो विद्यार्थियों को मिड-डे मील परोसा गया और न ही दूध का वितरण किया गया। वहीं, विकास खंड हसायन के प्राथमिक विद्यालय नगला मियां में मिड-डे मील की गुणवत्ता खराब पाई गई। दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई जिला समन्वयक एमडीएम एस.एन. सिंह और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रणवीर सिंह ने बताया कि जिन विद्यालयों में अनियमितताएं मिली हैं, उनके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप बच्चों को गुणवत्तापूर्ण मिड-डे मील और दूध उपलब्ध कराना प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *