अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने सोमवार को कहा कि ईरान के साथ दोस्ताना माहौल में बातचीत चल रही है। उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि इस बार कोई रास्ता निकल आएगा। लेकिन अगर बातचीत बेनतीजा रही तो अमेरिका फिर से ईरान पर हवाई हमले शुरू करेगा। एयर फोर्स वन में पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रम्प ने कहा, “अभी बातचीत चल रही है। मुझे लगता है कि अच्छे नतीजे की संभावना है।” उन्होंने यह भी कहा कि अगर बातचीत सफल नहीं हुई तो अमेरिका “फिर वही करेगा, जो पहले कर रहा था।” करीब दो हफ्ते तक लगातार हमले होने के बाद पिछले तीन दिनों से अमेरिका और ईरान के बीच कोई नया हमला नहीं हुआ है। ट्रम्प के मुताबिक, मध्यस्थ देशों के कहने पर अमेरिका ने हमले रोके, ताकि बातचीत को एक और मौका दिया जा सके। ईरान ने भी फिलहाल जवाबी हमले नहीं किए हैं। पिछले 24 घंटे के 5 बड़े अपडेट्स… 1. इराक में गैसफील्ड पर हमला, अमेरिकी ड्रोन गिराने का भी दावा: ईरानी मीडिया ने दावा किया है कि उत्तरी इराक के सबसे बड़े खोर मोर गैसफील्ड पर हमला हुआ है। वहीं एरबिल के पास चार संदिग्ध ईरानी ड्रोन गिरने और पश्चिमी इराक में एक अमेरिकी ड्रोन मार गिराने का भी दावा किया गया है। 2. नेतन्याहू बोले- ट्रम्प से मुलाकात में ईरान होगा सबसे बड़ा मुद्दा: वॉशिंगटन रवाना होने से पहले नेतन्याहू ने कहा कि राष्ट्रपति ट्रम्प के साथ उनकी बातचीत का सबसे अहम मुद्दा ईरान होगा। उनका कहना है कि बैठक में इजराइल की सुरक्षा और क्षेत्रीय हालात पर चर्चा होगी। 3. ईरान ने अमेरिका से बातचीत की खबरों को खारिज किया: ईरान के विदेश मंत्रालय ने कहा कि फिलहाल अमेरिका के साथ कोई बातचीत नहीं चल रही है। मंत्रालय ने यह भी कहा कि ईरान की ओर से बातचीत की पहल करने के दावे गलत हैं। 4. होर्मुज और बाब-अल-मंदेब बंद हुए तो बढ़ेगी महंगाई: एक्सपटर्स का मानना है कि अगर दोनों अहम समुद्री रास्ते बंद हुए तो तेल की कीमतें बढ़ेंगी, माल ढुलाई महंगी होगी और वैश्विक सप्लाई चेन पर असर पड़ेगा। 5. अमेरिका-ईरान तनाव घटते ही सस्ता हुआ कच्चा तेल: अमेरिका और ईरान के बीच संघर्ष थमने के बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में बड़ी गिरावट आई है। हालांकि, बाजार को अब भी तनाव दोबारा बढ़ने की आशंका है। ईरान जंग से जुड़े अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…

