परमट में आनंदेश्वर बाबा के भक्तों ने किए दिव्य दर्शन:सावन के पहले दिन मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़, हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजा शिवालय

सावन माह के पहले दिन कानपुर के परमट स्थित श्रीआनंदेश्वर मंदिर में तड़के से ही श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। भगवान शिव के जलाभिषेक और दर्शन के लिए हजारों श्रद्धालु घंटों तक लाइन में खड़े रहे। मंदिर में सुबह मंगला आरती के साथ पूजा-अर्चना शुरू हुई, मंदिर परिसर हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष से गूंज उठा। श्रद्धालु गंगाजल, दूध, बेलपत्र, भांग, धतूरा, पुष्प और फल लेकर भगवान आनंदेश्वर महादेव का अभिषेक करने पहुंचे। बड़ी संख्या में महिलाएं, युवा और बच्चे भी शिव आराधना में शामिल हुए। मंदिर में विशेष रुद्राभिषेक, शिव चालीसा पाठ और भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। देखिए श्रीआनंदेश्वर मंदिर की खास तस्वीरें… बैरिकेडिंग से श्रद्धालुओं ने बाबा भोलेनाथ के किए दर्शन सावन के पहले दिन श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रशासन ने दर्शन और जलाभिषेक की विशेष व्यवस्था की। बैरिकेडिंग के माध्यम से श्रद्धालुओं को मंदिर में प्रवेश कराया गया। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल तैनात रहा, जबकि भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मंदिर के सेवक भी लगातार श्रद्धालुओं की सहायता करते रहे। मंदिर के आसपास यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए भी पुलिस सक्रिय रही। गंगाजल से भगवान शिव का किया अभिषेक सुबह गंगा घाटों पर स्नान करने के बाद बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगाजल लेकर सीधे आनंदेश्वर मंदिर पहुंचे और भगवान शिव का अभिषेक किया। मंदिर के बाहर फूल-माला, बेलपत्र, प्रसाद और पूजा सामग्री की दुकानों पर रौनक दिखी। दूर-दराज के जिलों से भी श्रद्धालु बाबा आनंदेश्वर के दर्शन के लिए पहुंचे। मान्यता है कि परमत स्थित आनंदेश्वर महादेव का दर्शन और सावन में जलाभिषेक करने से भगवान शिव भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण करते हैं। इसी अटूट आस्था के चलते सावन के पहले दिन आनंदेश्वर मंदिर में सुबह से भक्तों की भीड़ लगी रही और पूरा परिसर शिवमय दिखाई दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *