स्वच्छ, सुगम और सुरक्षित कांवड़ यात्रा के लिए नगर निगम तैयार, नगर आयुक्त ने किया व्यवस्थाओं का निरीक्षण

अलीगढ़। श्रावण मास में अचलेश्वर मंदिर, खेरेश्वर धाम सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों पर आने वाले कांवड़ियों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए नगर निगम ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। शुक्रवार को नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने अधिकारियों के साथ कांवड़ यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को यात्रा समाप्त होने तक पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी पर बने रहने के निर्देश दिए।

नगर आयुक्त ने रामघाट रोड, खैर बाईपास, मामू-भांजा, आगरा रोड, सारसौल, नादा पुल, अचलेश्वर मंदिर, अचल ताल और खेरेश्वर धाम का भ्रमण कर नगर निगम द्वारा कराए गए कार्यों का भौतिक सत्यापन किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि कांवड़ियों को स्वच्छ, सुगम और सुरक्षित मार्ग उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिकता है।

उन्होंने बताया कि अचलेश्वर मंदिर से खेरेश्वर धाम तक लगभग 7 से 8 किलोमीटर लंबे कांवड़ मार्ग पर 1,000 नई स्ट्रीट लाइटें और 350 नए स्ट्रीट लाइट पोल लगाए गए हैं, जिससे रात्रि में यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर प्रकाश व्यवस्था मिल सके।

नगर निगम ने कांवड़ यात्रा मार्ग को गड्ढा मुक्त बनाने का कार्य भी पूरा किया है। इसके साथ ही अभियान चलाकर मार्ग से 50 ट्रैक्टर-ट्रॉली भवन निर्माण सामग्री और मलबा हटवाया गया, ताकि कांवड़ियों के आवागमन में किसी प्रकार की बाधा न आए।

कांवड़ यात्रा मार्ग पर प्रत्येक एक किलोमीटर की दूरी पर 10-10 सफाई कर्मचारियों की क्विक रिस्पांस टीम तैनात की गई है। वहीं नगर निगम की ओर से 4 सेक्टर प्रभारी, 35 अधिकारी तथा 860 सफाई कर्मचारी यात्रा के दौरान चौबीसों घंटे व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रामघाट रोड, खैर बाईपास, नादा पुल से लेकर खेरेश्वर धाम तक विश्राम शिविरों की भी व्यवस्था की गई है। इसके अलावा इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल रूम के माध्यम से कांवड़ यात्रा मार्ग की निगरानी की जाएगी, जिससे सुरक्षा और सफाई व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जा सके।

नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने कहा कि नगर निगम पिछले दस दिनों से लगातार तैयारियों में जुटा हुआ है और कांवड़ यात्रा के दौरान सभी व्यवस्थाओं को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं।

निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त राकेश कुमार यादव, मुख्य अभियंता भूपेंद्र कुमार सिंह, महाप्रबंधक (जल) डॉ. प्रमोद कुमार सिंह, अधिशासी अभियंता अजय कुमार सक्सेना, पशु कल्याण अधिकारी डॉ. राजेश वर्मा, प्रभारी नगर स्वास्थ्य अधिकारी रामानंद त्यागी, सहायक अभियंता अखंड प्रताप सिंह, मीडिया सहायक अहसान रब सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *