वर्ल्ड अपडेट्स:अमेरिका के फास्ट फूड रेस्टोरेंट में फायरिंग; 3 की मौत, 7 घायल

अमेरिका के इडाहो राज्य के ट्विन फॉल्स शहर में शनिवार को इन-एन-आउट बर्गर रेस्टोरेंट में अंधाधुंध फायरिंग हुई। शहर के अधिकारियों के मुताबिक, घटना में 3 लोगों की मौत हुई है, जबकि 7 लोग घायल हुए हैं। कई घायलों की हालत गंभीर है। पुलिस को रेस्टोरेंट के पास ही संदिग्ध हमलावर का शव मिला। हालांकि, अधिकारियों ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि मृतकों की संख्या में हमलावर शामिल है या नहीं। पुलिस प्रमुख मैथ्यू हिक्स ने कहा कि फिलहाल इलाके में कोई खतरा नहीं है। हमलावर की पहचान और हमले के मकसद की जांच की जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावर AR-स्टाइल राइफल लेकर आया था। फायरिंग शुरू होते ही रेस्टोरेंट में अफरा-तफरी मच गई और ग्राहक व कर्मचारी जान बचाकर भागने लगे। कई लोगों ने घायल कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकालने में मदद की। यह रेस्टोरेंट 24 जुलाई को ही खुला था और इडाहो में कंपनी के विस्तार का हिस्सा था। घटना के बाद इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी गई है। अंतरराष्ट्रीय मामलों से जुड़ी ये खबरें भी पढ़ें… रूस की राजधानी मॉस्को के रेस्टोरेंट में बम धमाका; 3 की मौत, 21 घायल रूस की राजधानी मॉस्को के कुड्रिंस्काया स्क्वायर स्थित एक रेस्टोरेंट में शनिवार को बम धमाका हुआ। रूसी अधिकारियों के मुताबिक, घटना में 3 लोगों की मौत हुई है और 21 लोग घायल हुए हैं। रूसी मीडिया के अनुसार, एक महिला विस्फोटक लेकर रेस्टोरेंट में घुसने की कोशिश कर रही थी। सुरक्षा गार्ड ने उसे अंदर जाने से रोक दिया, तभी बम फट गया। धमाके में महिला, सुरक्षा गार्ड और एक ग्राहक की मौत हो गई। रूस की राष्ट्रीय आतंकवाद-रोधी समिति ने बताया कि धमाका इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) से किया गया। फिलहाल जांच एजेंसियां हमले के पीछे की साजिश और इसमें किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका की जांच कर रही हैं। अंतरराष्ट्रीय मामलों से जुड़ी ये खबरें भी पढ़ें… ट्रेडर्स अब पैसे देकर पहले देख सकेंगे ट्रम्प के पोस्ट अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की सोशल मीडिया कंपनी ट्रुथ सोशल ने वॉल स्ट्रीट के हाई-फ्रीक्वेंसी ट्रेडर्स के लिए ट्रुथ एपीआई नाम की पेड सर्विस शुरू की है। इसके तहत कस्टमर मंथली फीस देकर ट्रम्प और दूसरे अकाउंट्स के पोस्ट तक तेज तकनीकी पहुंच हासिल कर सकेंगे, ताकि वे बाजार में तेजी से ट्रेड कर सकें। आलोचकों का कहना है कि ट्रम्प के टैरिफ, युद्ध, ब्याज दर और दूसरे नीतिगत फैसलों से शेयर, बॉन्ड और मुद्रा बाजार प्रभावित होते हैं, ऐसे में यह व्यवस्था इनसाइडर ट्रेडिंग और सार्वजनिक पद के निजी लाभ के लिए इस्तेमाल जैसे गंभीर सवाल खड़े करती है। वहीं ट्रम्प मीडिया का कहना है कि पोस्ट सभी के लिए एक ही समय पर जारी किए जाएंगे और सर्विस में कोई अनुचित लाभ नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *