ईरानी सेना बोली-अमेरिकी सैनिकों को मारने-पकड़ने पर ₹28 लाख इनाम:महिला ने ऐसा किया तो इनाम दोगुना; मारने वाला हथियार खरीदकर म्यूजियम में रखेंगे

ईरानी सेना ने ऐलान किया है कि किसी अमेरिकी सैनिक को मारने या पकड़ने वाले व्यक्ति को 30 हजार डॉलर (करीब 28 लाख रुपए) का इनाम दिया जाएगा। अगर यह काम कोई महिला करती है तो इनाम की रकम दोगुनी यानी 60 हजार डॉलर कर दी जाएगी। ईरानी सेना के कमांडर-इन-चीफ अमीर हातमी ने तेहरान में कहा कि यह योजना कई मांगों के बाद बनाई गई है। यह उन लोगों के लिए है, जो फाइनेंशियल जिहाद के जरिए देश के युद्ध प्रयासों में आर्थिक रूप से मदद करना चाहते हैं। हातमी बोले- अमेरिकी सेना को पीछे हटने पर मजबूर किया हातमी ने कहा कि इस संघर्ष ने अमेरिका के सैन्य दबदबे को कमजोर किया है। साथ ही कई देशों को अपनी सुरक्षा के लिए दूसरे विकल्प तलाशने पर मजबूर किया है। हातमी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के उस बयान की भी आलोचना की, जिसमें उन्होंने ईरान की हार के बाद होर्मुज स्ट्रेट को अमेरिका का क्षेत्र घोषित करने की बात कही थी। द यरुशलम पोस्ट के मुताबिक हातमी ने दावा किया कि ईरान ने अमेरिकी सेना को प्रभावी रूप से पीछे हटने पर मजबूर किया है। अब उसे फारस की खाड़ी, ओमान सागर या होर्मुज स्ट्रेट में प्रवेश की अनुमति नहीं है। ईरान बोला- कतर ने हमारे 3 पायलट पकड़े, 5 महीने से कैद कर रखा ईरान ने शनिवार को आरोप लगाया कि कतर ने उसके तीन पायलटों को 2 मार्च से कैद कर रखा है। ईरान के मुताबिक, उस दिन अमेरिका और इजराइल के साथ युद्ध के शुरुआती दिनों में उनके Su-24 विमान कतर की एयर डिफेंस की चपेट में आए थे। पायलट पैराशूट से नीचे उतरे और जिंदा बच गए, लेकिन इसके बाद कतर के अधिकारियों ने उन्हें पकड़ लिया। यह दावा ईरानी सेना में लापता लोगों की तलाश करने वाली समिति के प्रमुख जनरल सैयद मोहम्मद बाघेरजादेह ने रेड क्रॉस को लिखे पत्र में किया है। बाघेरजादेह ने जिन पायलटों के नाम बताए, उनमें जवाद सालेही, अब्दुलमजीद दश्तियान और उमरान बेहरावेशियन शामिल हैं। उनके मुताबिक एक और पायलट माजिद काजेमी की मौत हो गई थी। ईरान का कहना है कि इससे पहले तक उसे इन तीनों का कोई पता नहीं था। अब उसने रेड क्रॉस से उनकी स्थिति की जांच करने और उन्हें परिवार से मिलने देने की मांग की है। कतर ने ईरान के आरोपों को खारिज किया कतर के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता माजेद अल-अंसारी ने ईरान के आरोप को खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि कतर ने किसी भी ईरानी पायलट को हिरासत में नहीं लिया है। उनके मुताबिक, ईरानी विमानों ने कतर के हवाई क्षेत्र में प्रवेश किया था। कतर ने पायलटों से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन जवाब नहीं मिला। इसके बाद अंतरराष्ट्रीय कानून के तहत अपनी सीमा की रक्षा के लिए कार्रवाई की गई। कतर ने मार्च की शुरुआत में ही कहा था कि उसकी वायुसेना ने दो ईरानी Su-24 विमानों को मार गिराया है। कतर का कहना है कि इसके बाद उसके खोज और बचाव दलों ने पायलटों की तलाश की। एक पायलट का शव मिलने पर उसे ईरान को सौंपने के लिए संपर्क किया गया था। अप्रैल में कतर ने ईरान की एक टीम को बुलाकर खोज और बचाव अभियान की जानकारी देने की पेशकश भी की थी। कतर के मुताबिक, ईरान ने इस निमंत्रण का जवाब नहीं दिया। ————— ये खबर भी पढ़ें… ईरान से समझौते को लेकर खाड़ी देश ट्रम्प से नाराज:बातचीत का नतीजा नहीं निकलने से सहयोगी देशों की बेचैनी बढ़ी ईरान के साथ समझौते की अमेरिकी कोशिशों से उसके कुछ खाड़ी सहयोगी निराश हैं। द वॉशिंगटन पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, इन देशों को लग रहा है कि लंबे समय से बातचीत चलने के बावजूद अमेरिका और ईरान के बीच अब तक कोई पक्का समझौता नहीं हो पाया है। पूरी खबर पढ़ें…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *