अलीगढ में नोएडा कांड पर कांग्रेस का हल्लाबोल, गरजे कार्यकर्ता

– आरोपी ड्राइवर-कंडक्टर को फांसी की मांग, पीड़िता के लिए आर्थिक सहायता की आवाज

– विवेक बंसल ने सरकार पर साधा निशाना, बोले—महिला सुरक्षा के दावे और जमीनी हकीकत में बड़ा अंतर 

– राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन एसीएम प्रथम को सौंपा, भविष्य में ऐसी घटनाएं रोकने के लिए कड़े कानून की मांग 

अलीगढ़, 1 सितंबर।

नोएडा में स्लीपर बस में 16 वर्षीय किशोरी के साथ ड्राइवर और कंडक्टर पर लगे दुष्कर्म के आरोपों को लेकर कांग्रेस ने मंगलवार को भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। पूर्व विधायक विवेक बंसल के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मैरिस रोड चौराहे पर जोरदार प्रदर्शन किया और सरकार विरोधी नारे लगाए। प्रदर्शन के बाद राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन एसीएम प्रथम विवेक कुमार सिंह को सौंपा गया।

कांग्रेस ने ज्ञापन के जरिए मांग की कि मामले में दोषी पाए जाने वाले ड्राइवर और कंडक्टर को कठोरतम सजा, यहां तक कि फांसी दी जाए। इसके साथ ही पीड़ित किशोरी को सम्मानजनक जीवन जीने के लिए पर्याप्त आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की गई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि महिलाओं और किशोरियों की सुरक्षा के लिए ऐसी व्यवस्था होनी चाहिए, जिससे भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर प्रभावी रोक लग सके। साथ ही अपराध होने की स्थिति में आरोपियों के खिलाफ तत्काल और कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

प्रदर्शन के दौरान पूर्व विधायक विवेक बंसल ने प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ महिलाओं के खिलाफ अपराध रोकने और आरोपियों को तत्काल सजा दिलाने के बड़े-बड़े दावे करते हैं, लेकिन जमीनी हकीकत इन दावों से अलग दिखाई देती है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में महिलाओं और किशोरियों के खिलाफ लगातार गंभीर घटनाएं सामने आ रही हैं और सरकार का प्रचार वास्तविक स्थिति को नहीं दर्शाता।

बंसल ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा केवल दावों और सोशल मीडिया प्रचार से सुनिश्चित नहीं हो सकती। इसके लिए धरातल पर ऐसी प्रभावी व्यवस्था बनानी होगी, जिससे अपराधियों में कानून का भय पैदा हो और पीड़ितों को तत्काल न्याय मिल सके।

ये खबर भी पढ़ें :- https://thekhabarilaal.com/9121/

 

प्रदर्शन में कांग्रेस जिला अध्यक्ष ठाकुर सोमवीर सिंह, महानगर अध्यक्ष नवेद खान, पार्षद विजेंद्र सिंह बघेल, आलोक गौड़, डॉ. राकेश सारस्वत, मोहम्मद सोहेल अख्तर, कुतुबुद्दीन, ओम प्रकाश सिंह, कैलाश वाल्मीकि, सलाउद्दीन वसी, डॉ. शेरपाल सविता, नदीम गफूर, डॉ. शंकर लाल, सुशील कुमार बॉबी, जतन अग्रवाल, मोहम्मद जियाउद्दीन राही, शाहिद खान, आनंद बघेल, मोहम्मद सलमान, सरदार हरदयाल सिंह, मोहम्मद मुजीब, रईस गाजी, भुल्लन मलिक, संजय माथुर, हबीब मलिक, धर्मेंद्र लोधी, मोहम्मद साबिर, नादिर खान, सोमेश चौहान, पिंकू बघेल, अविनाश कुमार, अनुराग प्रताप सिंह, गौरव सविता, अरविन्द शर्मा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *