अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने अपने दोस्त और UFC (अल्टीमेट फाइटिंग चैंपियनशिप) के प्रमुख डाना व्हाइट को व्हाइट हाउस का प्रेस सेक्रेटरी बनने का ऑफर दिया है। ट्रम्प ने डाना व्हाइट से कहा कि वे अपने साथ कुछ UFC फाइटर्स को भी असिस्टेंट बनाकर ला सकते हैं। उन्होंने लिखा, ‘हमें इन लोगों की जरूरत है, ताकि वे पागल लेफ्ट से हमारी रक्षा कर सकें।’ डाना व्हाइट शनिवार को लंदन में एक बॉक्सिंग इवेंट में शामिल होने पहुंचे थे। यहां प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उनसे ट्रम्प के ऑफर के बारे में पूछा गया। उन्होंने बताया कि वह लंदन से सीधे वॉशिंगटन जाएंगे और सोमवार को राष्ट्रपति से मिलेंगे। ट्रम्प और UFC चीफ की दोस्ती काफी पुरानी ट्रम्प और डाना व्हाइट की दोस्ती काफी पुरानी है। राजनीति में आने से पहले भी ट्रम्प ने UFC का साथ दिया था। उन्होंने अपने होटल और दूसरी संपत्तियों में UFC के फाइटिंग इवेंट कराने की इजाजत दी थी। उस समय इस खेल को लेकर काफी आलोचना होती थी और कई लोग इसे हिंसक मानते थे। इसके बाद डाना व्हाइट कई मौकों पर खुलकर ट्रम्प के समर्थन में बोलते रहे। उन्होंने रिपब्लिकन पार्टी के राष्ट्रीय सम्मेलन में भी ट्रम्प के पक्ष में भाषण दिया था। जनवरी 2025 में दूसरी बार राष्ट्रपति बनने के बाद ट्रम्प कई UFC मुकाबलों में डाना व्हाइट के साथ नजर आ चुके हैं। जून में ट्रम्प ने अमेरिका की आजादी के 250 साल पूरे होने और अपने 80वें जन्मदिन के मौके पर डाना व्हाइट और यूएफसी को व्हाइट हाउस के साउथ लॉन में होने वाले आयोजन के लिए आमंत्रित किया था। ट्रम्प ने दोस्तों और समर्थकों को दिए बड़े सरकारी पद ट्रम्प ने अपने दूसरे कार्यकाल में कई अहम सरकारी पदों पर ऐसे लोगों को नियुक्त किया है, जिन्हें उन जिम्मेदारियों को संभालने का पहले से खास अनुभव नहीं रहा है। इनमें उनके करीबी दोस्त, टीवी पर नजर आने वाले चेहरे, कारोबारी और लंबे समय से उनका समर्थन करने वाले नेता शामिल हैं। आमतौर पर सरकार में बड़े पदों पर ऐसे लोगों को रखा जाता है, जिन्हें उस विभाग या काम की अच्छी समझ हो और जो पहले उस क्षेत्र में काम कर चुके हों। लेकिन ट्रम्प ने कई मामलों में इस परंपरा से अलग रास्ता अपनाया है। उन्होंने ऐसे लोगों पर भरोसा जताया है, जो उनके करीबी हैं और मुश्किल वक्त में उनके साथ खड़े रहे हैं। चुनाव में हार के बाद ट्रम्प प्रशासन में बदलाव ट्रम्प का यह ऑफर ऐसे समय आया है, जब उनके प्रशासन में बड़े बदलाव हो रहे हैं। मंगलवार को हुए मिडटर्म चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी को भारी नुकसान हुआ। डेमोक्रेटिक उम्मीदवारों ने उन इलाकों में भी जीत दर्ज की, जहां दशकों से रिपब्लिकन पार्टी का दबदबा था। इन नतीजों के बाद रिपब्लिकन पार्टी ने अमेरिकी संसद के दोनों सदनों पर नियंत्रण खो दिया। शुक्रवार को ट्रम्प ने अपने लंबे समय से सलाहकार रही सूसी वाइल्स को हटाकर स्टीफन मिलर को अगला चीफ ऑफ स्टाफ बनाने का ऐलान किया। सूसी वाइल्स को ट्रम्प के फैसलों पर लगाम लगाने वाली सलाहकार के तौर पर देखा जाता था। वहीं, स्टीफन मिलर ट्रम्प प्रशासन की सख्त आव्रजन नीतियों के प्रमुख रणनीतिकार हैं। वह राष्ट्रपति के सबसे करीबी सहयोगियों में शामिल हैं। 5 दिन में ही छोड़ना पड़ा नई प्रेस सेक्रेटरी को पद डाना व्हाइट को ऑफर देने से पहले ट्रम्प ने केटी जकारिया को प्रेस सेक्रेटरी की जिम्मेदारी दी थी। जकारिया एक्सपर्ट के रूप में लगातार टीवी पर आती रही हैं। ट्रम्प TV पर उनके बात रखने के अंदाज से काफी प्रभावित हुए थे। हालांकि, पत्रकारों के सामने अपनी पहली और इकलौती प्रेस कॉन्फ्रेंस में वह असहज नजर आईं। एक सवाल पर अपने पति को उन्होंने गलती से माय प्रेसिडेंट कह दिया था। उनके वकील होने की योग्यता पर सवाल उठे थे। पद संभालने के पांच दिन बाद ही उन्होंने पद छोड़ दिया। इससे पहले कैरोलिन लेविट अगस्त के आखिर में यह पद छोड़ चुकी थीं। उनके जाने के बाद से व्हाइट हाउस में प्रेस सेक्रेटरी का पद खाली था। फिलहाल ट्रम्प के पास कोई मुख्य प्रवक्ता नहीं है। पिछले कार्यकाल में ट्रम्प के 4 प्रेस सेक्रेटरी रहे ट्रम्प के पहले कार्यकाल के दौरान चार लोगों ने व्हाइट हाउस के प्रेस सेक्रेटरी का पद संभाला था। सबसे पहली सीन स्पाइसर को छह महीने बाद ही पद से हटा दिया गया था। उन्होंने 2017 में ट्रम्प के शपथ ग्रहण समारोह को सबसे ज्यादा देखे जाने का झूठा दावा किया था। इसके बाद साराह सैंडर्स ने पद संभाला। ट्रम्प ने उनके काम की काफी तारीफ भी की। स्टेफनी ग्रिशम तीसरी प्रेस सेक्रेटरी बनीं, जिन्होंने ट्रम्प के कहने पर कभी प्रेस ब्रीफिंग नहीं की। 6 जनवरी 2021 को ट्रम्प समर्थकों के व्हाइट हाउस घेराव के बाद ग्रिसम ने पद छोड़ दिया था। अब ग्रिशम ट्रम्प विरोधी हैं। कैली मैकनेनी ट्रम्प कार्यकाल में व्हाइट हाउस की आखिरी प्रेस सेक्रेटरी रही। अब वे फॉक्स न्यूज के लिए काम करती हैं। व्हाइट हाउस के प्रेस सेक्रेटरी से जुड़ी 6 रोचक बातें 1. पहली नियुक्ति: 1920 के दशक में व्हाइट हाउस में पत्रकारों की संख्या बढ़ रही थी। राष्ट्रपति के फैसलों और बयानों की जानकारी मीडिया तक पहुंचाने के लिए एक जिम्मेदार अधिकारी की जरूरत महसूस हुई। इसी वजह से 1929 में राष्ट्रपति हर्बर्ट हूवर ने जॉर्ज एकरसन को प्रेस सेक्रेटरी बनाया। वह पहले पत्रकार रह चुके थे। 2. पहली महिला: डी डी मायर्स 1993 में व्हाइट हाउस की पहली महिला प्रेस सेक्रेटरी बनीं। 3. पहली अश्वेत प्रेस सेक्रेटरी: करीन जीन-पियरे ने मई 2022 में इतिहास रचा। वे इस पद पर पहुंचने वाली पहली अश्वेत और LGBT व्यक्ति बनीं। 4. सबसे कम उम्र: कैरोलिन लेविट ने जनवरी 2025 में 27 साल की उम्र में पद संभाला। वे व्हाइट हाउस की सबसे कम उम्र की प्रेस सेक्रेटरी बनीं। 5. सबसे लंबा कार्यकाल: स्टीफन अर्ली ने राष्ट्रपति फ्रैंकलिन डी. रूजवेल्ट के साथ करीब 12 साल तक काम किया। 6. सबसे छोटा कार्यकाल: जोनाथन डेनियल्स ने मार्च 1945 में करीब 19 दिन तक यह जिम्मेदारी संभाली। राष्ट्रपति रूजवेल्ट की मृत्यु के बाद उनका कार्यकाल समाप्त हुआ।

