अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने उस सैनिक को मेडल दिया, जिसने एक दिन पहले उन्हें और उनकी टीम को चुप रहने के लिए कहा था। दरअसल, 11 नवंबर को वेटरन्स डे के मौके पर हेगसेथ और उनकी टीम के कुछ लोग युद्ध स्मारक के पास आपस में बात कर रहे थे और हंस रहे थे। यह देखकर वहां ड्यूटी पर तैनात सैनिक थॉमस इग्लेसियस ने उन्हें चुप रहने को कहा। इसके अगले दिन यानी गुरुवार को हेगसेथ ने थॉमस को पेंटागन बुलाया और उन्हें ‘जॉइंट सर्विस कमेंडेशन मेडल’ देकर सम्मानित किया। उन्होंने इस सम्मान समारोह की तस्वीरें सोशल मीडिया पर भी शेयर कीं। हेगसेथ ने लिखा, “हम अपने सैनिकों से प्यार करते हैं। हमें अनुशासन और नियमों का पालन पसंद है। शाबाश स्पेशलिस्ट, अपना काम करते रहो।” वेटरन्स डे के कार्यक्रम के बाद हुई थी घटना यह मामला 11 नवंबर को अमेरिका में मनाए गए वेटरन्स डे का है। इस मौके पर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प, उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ अर्लिंगटन नेशनल कब्रिस्तान पहुंचे थे। यहां युद्ध में मारे गए सैनिकों को श्रद्धांजलि दी गई थी। कार्यक्रम खत्म होने के बाद हेगसेथ अपनी पत्नी जेनिफर और तीन सलाहकारों रिकी बुरिया, टैमी राडाबॉ और पैट्रिक वीवर के साथ अज्ञात सैनिक की समाधि के सामने तस्वीरें खिंचवा रहे थे। इसी दौरान वहां कुछ लोगों के बात करने और हंसने की आवाज आने लगी। समाधि पर पहरा दे रहे सैनिक थॉमस इग्लेसियस ने उन्हें तुरंत टोका। उन्होंने आवाज लगाकर कहा, ‘सभी लोग हर समय शांति और सम्मान बनाए रखें।’ इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया था। इसमें इग्लेसियस लोगों को चुप रहने की हिदायत देते नजर आए। पेंटागन ने भी सैनिक का साथ दिया वीडियो सामने आने के बाद पेंटागन के मुख्य प्रवक्ता सीन पार्नेल ने भी सैनिक का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि इग्लेसियस ने सही तरीके से लोगों को वहां शांति बनाए रखने की याद दिलाई थी। दरअसल, इस समाधि पर तैनात सैनिकों का काम सिर्फ पहरा देना नहीं है। उन्हें यह भी देखना होता है कि वहां आने वाले लोग शोर न करें और शांति बनाए रखें। इसलिए इग्लेसियस ने हेगसेथ और उनके साथ आए लोगों को भी वही करने के लिए कहा, जो वह बाकी लोगों से कहते हैं। क्या है टॉम्ब ऑफ द अननोन सोल्जर? अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन के पास अर्लिंगटन नेशनल कब्रिस्तान में टॉम्ब ऑफ द अननोन सोल्जर (अज्ञात सैनिक) की समाधि बनी हुई है। यह अमेरिका के सबसे खास युद्ध स्मारकों में से एक है। यहां उन अमेरिकी सैनिकों के अवशेष रखे गए हैं, जिनकी युद्ध में मौत हो गई थी, लेकिन उनकी पहचान नहीं हो सकी थी। यहां प्रथम विश्व युद्ध, द्वितीय विश्व युद्ध और कोरियाई युद्ध के अज्ञात सैनिकों के अवशेष रखे गए हैं। इस स्मारक की सुरक्षा अमेरिकी सेना की तीसरी इन्फैंट्री रेजिमेंट करती है। इसे ‘द ओल्ड गार्ड’ भी कहा जाता है। 1948 से इस रेजिमेंट के सैनिक यहां दिन-रात पहरा दे रहे हैं। यहां पहरा देने वाले सैनिकों को हर वक्त सतर्क रहना होता है। वे लोगों को स्मारक के पास शोर करने, हंसने या आपस में तेज आवाज में बात करने से रोकते हैं। यहां आने वाले हर व्यक्ति को शांति बनाए रखनी होती है।
———————– यह खबर भी पढ़ें… ट्रम्प ने ईरान शांति वार्ता से जेडी वेंस को हटाया:कहा- उपराष्ट्रपति घरेलू मामलों पर ध्यान दें, डेमोक्रेटिक राज्यों में भ्रष्टाचार की जांच करें
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने उपराष्ट्रपति जेडी वेंस को ईरान के साथ शांति वार्ता से अलग कर दिया है। ट्रम्प ने गुरुवार को सोशल मीडिया पर कहा कि वेंस अब अमेरिका के डेमोक्रेटिक पार्टी शासित राज्यों और शहरों में भ्रष्टाचार और अपराध की जांच पर ध्यान देंगे। पूरी खबर यहां पढ़ें…

