ममदानी बोले- हिंदू-सिखों के खिलाफ नफरत बर्दाश्त नहीं:वॉशिंगटन हो या दिल्ली ऐसी राजनीति रोकनी होगी; ऑफिस में दिवाली मनाई, रामायण-महाभारत की तारीफ की

न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी ने अमेरिका में हिंदू और सिख समुदाय के खिलाफ बढ़ती नफरत पर चिंता जताई है। उन्होंने मंगलवार को अपने कार्यालय में दिवाली कार्यक्रम के दौरान कहा कि पिछले एक साल में हिंदू मंदिरों को निशाना बनाया गया और सिख समुदाय के खिलाफ भी नफरत फैलाई गई। ममदानी ने कहा, “चाहे वॉशिंगटन हो या दिल्ली, हमें ऐसी राजनीति को खारिज करना चाहिए जो हमारी जिंदगी में अंधेरा लाती है।” उन्होंने लोगों से समाज में डर और नफरत फैलाने वाली राजनीति का विरोध करने की अपील की। रामायण-महाभारत का जिक्र किया, बोले- ये हमें जीवन जीना सिखाती हैं दिवाली कार्यक्रम में ममदानी ने रामायण और महाभारत का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि रामायण हमें सिखाती है कि कैसा भाई, पति, पत्नी और दोस्त बनना चाहिए। वहीं, महाभारत परिवारों की असली तस्वीर दिखाती है। इसमें सबसे बहादुर योद्धा और सबसे बुद्धिमान लोग भी गलतियां करते हैं। यह हमें सिखाती है कि अपना धर्म और कर्तव्य वफादारी से ऊपर रखना चाहिए। ममदानी ने बताया कि वह बचपन से परिवार के साथ दिवाली मनाते आए हैं। अब न्यूयॉर्क के मेयर के तौर पर पूरे शहर के लोगों के साथ यह त्योहार मनाना उनके लिए सम्मान की बात है। 35 साल के ममदानी की मां मीरा नायर पंजाबी हिंदू परिवार से आती हैं। हिंदू समुदाय के खिलाफ दो बड़ी घटनाएं इलिनॉय के मंदिर में गोलीबारी की कोशिश: 11 अक्टूबर को अमेरिका के इलिनॉय राज्य के औरोरा शहर में एक हिंदू मंदिर पर गोलीबारी की कोशिश हुई थी। पुलिस के मुताबिक 19 साल का एलेक्जेंड्रोस पापोराकिस हथियार और गोलियां लेकर मंदिर पहुंचा था। उस समय मंदिर में नवरात्रि मनाने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। आरोपी की राइफल जाम हो गई थी, जिसके बाद वह वहां से चला गया। उसके एक साथी कर्मचारी ने पुलिस को इसकी जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। जांच में उसके घर से राइफल, 300 से ज्यादा गोलियां और नाजी विचारधारा से जुड़ी चीजें मिलीं। आरोपी पर आतंकवादी धमकी देने और अवैध हथियार रखने के आरोप लगे हैं। सिएटल में दिवाली कार्यक्रम में हंगामा: 7 नवंबर 2026 को अमेरिका के सिएटल में दिवाली कार्यक्रम के दौरान दो लोगों ने हंगामा किया। दोनों विवादित पोस्टर लेकर कार्यक्रम में घुस आए। पोस्टर पर लिखा था- ‘सभी भारतीयों को देश से निकालो’। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद सांसद प्रमिला जयपाल ने इसकी निंदा की। 17 नवंबर को 13 अमेरिकी सांसदों ने FBI से मामले की जांच संभावित हेट क्राइम के तौर पर करने की मांग की। सिख समुदाय के खिलाफ भी नफरत की घटनाएं गुरुद्वारे की दीवारों पर नफरत भरी बातें लिखीं: 27 दिसंबर 2025 को न्यूयॉर्क के क्वींस इलाके में बाबा माखन शाह लुबाना सिख सेंटर की दीवारों पर अज्ञात लोगों ने आपत्तिजनक बातें लिख दीं। इस सेंटर में गुरुद्वारा भी है। पुलिस मामले की संभावित हेट क्राइम के तौर पर जांच कर रही है। वायोमिंग में सिख ट्रक ड्राइवर पर चाकू से हमला: सितंबर 2026 में अमेरिका के वायोमिंग में एक सिख ट्रक ड्राइवर पर चाकू से हमला किया गया। हमलावर ने रेस्ट एरिया के टॉयलेट में पीछे से उस पर वार किए। उसकी गर्दन और सीने पर चोटें आईं। पुलिस ने एंड्रयू क्रिस बजडैक को गिरफ्तार किया। हालांकि, पुलिस ने कहा कि हमले के पीछे की वजह साफ नहीं है। इस घटना से अमेरिकी सिख समुदाय में डर बढ़ गया। 13 सांसदों ने ट्रम्प से नफरत रोकने के लिए कदम उठाने को कहा हेट क्राइम को लेकर अमेरिका के 13 सांसदों ने मंगलवार को एक पत्र जारी किया। इसमें उन्होंने सिएटल के दिवाली कार्यक्रम में हुए हंगामे की जांच हेट क्राइम के शक में करने की मांग की। पत्र पर अमेरिकी संसद के सभी छह भारतीय-अमेरिकी सांसदों ने भी साइन किए हैं। सांसदों ने FBI चीफ काश पटेल और ट्रम्प सरकार के दूसरे बड़े अधिकारियों से पूछा है कि दक्षिण एशियाई लोगों के खिलाफ नफरत रोकने के लिए क्या कदम उठाए जा रहे हैं। डेढ़ साल में 5.42 लाख से ज्यादा नफरत भरे पोस्ट सांसदों ने सितंबर 2026 की एक स्टडी का हवाला दिया। इसके मुताबिक, जनवरी 2025 से जून 2026 के बीच सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दक्षिण एशियाई लोगों के खिलाफ नफरत फैलाने वाली 5 लाख 42 हजार से ज्यादा पोस्ट मिलीं। स्टडी के मुताबिक, 2025 के बाद हर चार में से एक भारतीय-अमेरिकी को नस्लभेदी गालियां सुननी पड़ी हैं। वहीं, हर पांच में से एक भारतीय-अमेरिकी ने सार्वजनिक जगहों पर भारतीय कपड़े पहनने से परहेज किया। ————————— यह खबर भी पढ़ें… अमेरिकी सांसद अब्दुल ने पाकिस्तान की मदद पर सवाल उठाए: कहा- इनके लिए टैक्स नहीं भरता; अमेरिका ने 10 साल में 36 हजार करोड़ रुपए दिए अमेरिका के मिशिगन से सांसद अब्दुल अल-सैयद ने शनिवार को पाकिस्तान को दी जाने वाली अमेरिकी सैन्य मदद पर सवाल उठाए हैं। पूरी खबर यहां पढ़ें…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *