एनवीडिया के पूर्व CEO जेनसन हुआंग की गर्लफ्रेंड एलिस हुआंग का कारोबारी दोस्त ली मिंग चीन को प्रतिबंधित एआई चिप्स पहुंचा रहा था। द वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट के मुताबिक, वह एनवीडिया के चिप्स लगे कंप्यूटर सर्वर पहले मलेशिया भेजता था। इसके बाद इन्हें चीन पहुंचाया जाता था। इस काम में ली मिंग अकेला नहीं था। वह एलिस हुआंग और उनके पति कांग वेई के साथ मिलकर कई देशों में कंपनियां चला रहा था। इन कंपनियों के जरिए चीन की कंपनियों को एडवांस AI चिप्स मुहैया कराने का रास्ता बनाया गया था। वहीं, कांग वेई चीन में बड़े डेटा सेंटर बना रहे थे। 2021 से 2024 के बीच उनके नेटवर्क से जुड़े डेटा सेंटर प्रोजेक्ट में 9 अरब डॉलर (करीब 83 हजार करोड़ रुपए) लगाने की योजना थी। यानी एलिस चिप्स हासिल करने के नेटवर्क से जुड़ी थीं, उनके पति चीन में डेटा सेंटर बना रहे थे और ली मिंग दोनों के बीच कड़ी का काम कर रहा था। ली मिंग पर सिंगापुर में धोखाधड़ी का केस 52 साल के चीनी कारोबारी ली मिंग पर सिंगापुर में धोखाधड़ी का केस चल रहा है। फरवरी 2025 में दर्ज इस केस में उस पर एनवीडिया की चिप्स वाले कंप्यूटर सर्वर को गलत तरीके से दूसरे देशों में भेजने का आरोप है। फिलहाल वह सिंगापुर में जमानत पर बाहर है। सिंगापुर के सरकारी वकीलों के मुताबिक, ली ने अमेरिकी कंपनियों से एनवीडिया की चिप्स वाले सर्वर खरीदे थे। उसने इन कंपनियों को बताया कि सर्वर का इस्तेमाल सिंगापुर में उसकी कंपनी ‘लक्सुरिएट योर लाइफ’ के लिए किया जाएगा। लेकिन आरोप है कि उसने सर्वर सिंगापुर के बजाय पहले मलेशिया भेजे और फिर वहां से किसी तीसरे देश पहुंचा दिए। ली मिंग सिंगापुर की दूसरी कंपनी मेगास्पीड से भी जुड़ा था। इसकी पूर्व मैनेजिंग डायरेक्टर एलिस हुआंग थीं। हालांकि, कंपनी के बड़े फैसलों में ली की भी भूमिका थी। एनवीडिया की चिप्स का कारोबार करने वाली अन्य कंपनियों से भी उसके संबंध थे। एलिस और उनके पति के साथ मिलकर बनाया कंपनियों का नेटवर्क वॉल स्ट्रीट जर्नल के मुताबिक, सिंगापुर में केस दर्ज होने के समय तक ली मिंग कई साल से एलिस और उनके पति कांग वेई के साथ काम कर रहा था। चीन में कंपनी रजिस्ट्रेशन से जुड़े दस्तावेजों के मुताबिक, एलिस और कांग ने 2021 में ‘सेंचुरी लॉन्गटेंग’ नाम की कंपनी शुरू की थी। यह कंपनी क्लाउड कंप्यूटिंग का काम करती थी। जनवरी 2023 में ली मिंग की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर सामने आई थी। इसमें वह शंघाई की एक AI उपकरण बनाने वाली कंपनी में जाता दिखाई दिया। पोस्ट में उसे सेंचुरी लॉन्गटेंग का चीफ स्ट्रैटेजी ऑफिसर बताया गया था। उस समय अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन के प्रशासन ने चीन को एनवीडिया की एडवांस चिप्स बेचने पर रोक लगा दी थी। इन चिप्स का इस्तेमाल AI से जुड़े कामों में होता है। रोक लगने के बाद चीन की टेक कंपनियों के लिए इन्हें हासिल करना मुश्किल हो गया था। ऐसी कंपनियों के पास चिप्स इस्तेमाल करने के दो रास्ते थे… इसी दौरान ली मिंग, एलिस और कांग ने दक्षिण-पूर्व एशिया में कई कारोबारी साझेदारों के साथ मिलकर काम शुरू किया। उनका मकसद चीनी ग्राहकों को एडवांस चिप्स पहुंचाना था। मेगास्पीड के जरिए एनवीडिया के सर्वर मलेशिया पहुंचे ली मिंग, एलिस और कांग ने चीन की एक वीडियो गेम कंपनी की सिंगापुर यूनिट खरीदी और उसका नाम मेगास्पीड रखा। एलिस को इसका डायरेक्टर बनाया गया। मेगास्पीड ने एनवीडिया को बताया कि अलीबाबा उसकी मुख्य ग्राहक है। नवंबर 2023 में उसे एनवीडिया के क्लाउड पार्टनर प्रोग्राम में जगह मिली। इससे उसे नई चिप्स खरीदने में प्राथमिकता मिलने लगी। मेगास्पीड ने एनवीडिया के सर्वर मलेशिया भेजे। वहां से अलीबाबा को कंप्यूटिंग सुविधा दी गई। आरोप है कि कुछ सर्वर अमेरिकी प्रतिबंधों का उल्लंघन कर शंघाई की कंपनी ‘सेंचुरी लिटोंग’ को भी भेजे गए। सेंचुरी लिटोंग का एलिस और कांग की कंपनी सेंचुरी लॉन्गटेंग से कारोबारी संबंध था। 2024 तक सेंचुरी लॉन्गटेंग इसकी बड़ी शेयरधारक बन चुकी थी। कांग के डेटा सेंटर को चीनी सरकार ने भी समर्थन दिया एलिस जहां जेनसन हुआंग के साथ अपने रिश्तों के जरिए एनवीडिया की एडवांस चिप्स तक पहुंच बनाने की कोशिश कर रही थीं, वहीं उनके पति कांग वेई चीन में डेटा सेंटर का बड़ा कारोबार खड़ा कर रहे थे। 2021 से 2024 के बीच कांग के नेटवर्क से जुड़े डेटा सेंटर प्रोजेक्ट में 9 अरब डॉलर से ज्यादा के निवेश का प्रस्ताव था। इन प्रोजेक्ट को चीनी सरकार का समर्थन हासिल था। इस कारोबार का मुख्य हिस्सा सेंचुरी लॉन्गटेंग कंपनी थी। जांच के बाद एनवीडिया ने मेगास्पीड को चिप्स बेचना बंद किया जेनसन ने 33 साल बाद छोड़ी एनवीडिया इस पूरे मामले में जेनसन हुआंग और एलिस के रिश्तों का खुलासा होने के बाद विवाद और बढ़ गया। एलिस के साथ उनके प्रेम संबंधों के अलावा कंपनी के एक कर्मचारी के साथ रिश्ते की खबरें भी सामने आई थीं। एनवीडिया के बोर्ड ने जेनसन हुआंग और एलिस के रिश्तों को लेकर कंपनी के अंदर जांच शुरू की है। हालांकि, बोर्ड का कहना है कि कंपनी की गोपनीय जानकारी या राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी जानकारी खतरे में नहीं पड़ी। इस विवाद के बीच जेनसन ने 12 नवंबर को एनवीडिया के CEO, प्रेसिडेंट और बोर्ड मेंबर के पद से इस्तीफा दे दिया। इसके साथ ही कंपनी में उनका 33 साल का सफर खत्म हो गया। ——————————– यह खबर भी पढ़ें… एनवीडिया के पूर्व CEO जेन्सन हुआंग वापसी को तैयार: कहा- बोर्ड के फैसले पर ही लौटूंगा; चेयरमैन बोले- ऐसा कोई इरादा नहीं एनवीडिया के पूर्व CEO जेन्सन हुआंग पद पर वापसी के लिए तैयार है। उन्होंने इस्तीफे के बाद मंगलवार को पहली बार X पर पोस्ट कर बयान जारी किया। पूरी खबर पढ़ें…

