अमेरिका में 60 साल पुराना जहरीला विस्फोटक उड़ाया:160km किमी तक फैल सकता है धुआं; 8km एरिया खाली कराया, लोग घरों में कैद

अमेरिका के आयोवा राज्य में सेना ने करीब 60 साल पुराने 5 टन जहरीले विस्फोटक को धमाके से नष्ट कर दिया है। मिडलटाउन स्थित सेना के गोला-बारूद प्लांट में भारतीय समयानुसार रात 8:30 बजे दो बंकरों में विस्फोट किया गया। धमाके के बाद आसमान में सफेद और ग्रे रंग के धुएं का गुबार उठा। इस धुएं के 160 किमी दूर तक फैलने की आशंका है। इस विस्फोट को लेकर आसपास के इलाकों में कई दिनों से चिंता बनी हुई थी। लोगों को जहरीले केमिकल के कण हवा में फैलने का डर था। सेना ने प्लांट से दक्षिण-पश्चिम दिशा में करीब 8 किमी तक के इलाके में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और जरूरत पड़ने पर घर खाली करने के लिए तैयार रहने को कहा था। दो बंकरों में रखे थे जहरीले विस्फोटक के 68 ड्रम यह विस्फोटक आयोवा के मिडलटाउन स्थित सैन्य गोला-बारूद फैक्ट्री में रखा था। इसे 68 ड्रमों में भरकर दो बंकरों में रखा गया था। यह लेड एजाइड नाम का केमिकल है, जिसका इस्तेमाल बम और दूसरे सैन्य हथियारों में विस्फोट शुरू करने के लिए किया जाता है। सेना को मार्च 2026 में जांच के दौरान पता चला कि केमिकल रखे ड्रम खराब हो चुके हैं। उनके बाहरी हिस्से और ढक्कनों पर सफेद क्रिस्टल जम गए थे। केमिकल की हालत इतनी खतरनाक हो गई थी कि ड्रम को हिलाने, खोलने या उन पर जमे क्रिस्टल को छूने से भी धमाका हो सकता था। इसी वजह से सेना ने ड्रमों को खोलकर विस्फोटक निकालने के बजाय बंकरों में ही नियंत्रित धमाका करने का फैसला किया। धमाके से पहले लोगों को घरों में रहने को कहा था धमाके से पहले सेना ने मोबाइल फोन पर अलर्ट भेजकर लोगों को सावधानी बरतने के लिए कहा था। सैन्य ठिकाने से 5 मील यानी करीब 8 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले कुछ लोगों को दूसरी जगह भेजने की तैयारी की गई थी। वहीं, 20 मील यानी करीब 32 किलोमीटर तक के इलाके में लोगों को घरों के अंदर रहने, खिड़कियां बंद रखने और बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई थी। बच्चों, गर्भवती महिलाओं और दिल, किडनी की बीमारी या डिमेंशिया से जूझ रहे लोगों को खास सावधानी बरतने को कहा गया था। सेना के अनुमान के मुताबिक, धमाके से निकली धूल हवा के साथ दक्षिण-पश्चिम दिशा में फैल सकती थी और उत्तरी मिसौरी तक पहुंच सकती थी। हालांकि, धूल कितनी दूर तक जाएगी, यह हवा की दिशा और मौसम पर निर्भर करता है। सीसा शरीर में पहुंचा तो नुकसान करेगा लेड एजाइड में मौजूद सीसा इंसानों के लिए जहरीला होता है। धमाके के बाद इसकी धूल सांस के जरिए शरीर में पहुंच सकती है। यह धूल जमीन और दूसरी सतहों पर जमने के बाद छूने या गलती से निगलने से भी शरीर में जा सकती है। अमेरिकी स्वास्थ्य एजेंसी CDC के मुताबिक, बच्चों के शरीर में सीसा पहुंचने से उनका शारीरिक और मानसिक विकास प्रभावित हो सकता है। इससे सीखने, सुनने, बोलने और व्यवहार से जुड़ी समस्याएं हो सकती हैं। इलिनॉय के स्वास्थ्य विभाग के निदेशक डॉ. समीर वोहरा ने कहा कि शरीर में सीसे की कोई भी मात्रा सुरक्षित नहीं मानी जाती। केमिकल हटाने का दूसरा तरीका नहीं मिला सेना ने पहले इस केमिकल को दूसरे तरीके से नष्ट करने की कोशिश की थी। इसके लिए एक निजी कंपनी को काम भी सौंपा गया था, लेकिन सुरक्षा से जुड़े खतरे सामने आने के बाद करीब दो महीने में यह काम रोक दिया गया। अधिकारियों के मुताबिक, ड्रमों को खोलना या उन्हें दूसरी जगह ले जाना भी खतरनाक था। इसलिए सेना ने नियंत्रित धमाके को सबसे कम जोखिम वाला तरीका बताया। सेना के अधिकारी कर्नल आरोन टेलर ने कहा था कि ड्रमों के ढक्कन तक नहीं खोले जा सकते। लोगों की मदद के लिए 300 से ज्यादा कर्मचारी तैनात अमेरिकी पर्यावरण एजेंसी EPA के 300 से ज्यादा कर्मचारियों को मौके पर निगरानी के लिए तैनात किया गया था। धमाके से पहले मिट्टी, पानी, हवा और धूल के 1,200 से ज्यादा नमूने लिए गए थे। धमाके के बाद भी प्रदूषण की जांच के लिए नमूने लेने की योजना है। इनके आधार पर जरूरत पड़ने पर सफाई कराई जाएगी। अमेरिकी आपदा प्रबंधन एजेंसी FEMA को प्रभावित इलाकों के लोगों की मदद की जिम्मेदारी दी गई है। इसमें जरूरत पड़ने पर लोगों को दूसरी जगह भेजने, आने-जाने, रहने और खाने का इंतजाम शामिल है। आयोवा की गवर्नर किम रेनॉल्ड्स ने तीन काउंटियों में आपातकाल घोषित किया था। राज्य की नेशनल गार्ड के 100 जवानों को भी लोगों की सुरक्षा और मदद के लिए तैनात करने की तैयारी की गई। धमाका करने के लिए कोर्ट से सेना को मिली मंजूरी इस विस्फोट को पहले शुक्रवार को किया जाना था, लेकिन विरोध और कानूनी अड़चनों के कारण इसे टालना पड़ा। पर्यावरण संगठनों ने आशंका जताई थी कि धमाके से जहरीली धूल हवा और पानी को प्रदूषित कर सकती है। उन्होंने इसे रोकने के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाया। अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प ने भी कोर्ट का फैसला आने और राज्य के नवनिर्वाचित गवर्नर रॉब सैंड की मंजूरी मिलने तक सेना को रुकने का आदेश दिया था। हालांकि, सोमवार को अमेरिकी अपील कोर्ट के तीन जजों की बेंच ने सेना को धमाके की तैयारी आगे बढ़ाने की अनुमति दे दी। आयोवा के नवनिर्वाचित सीनेटर जोश ट्यूरेक ने कहा कि विस्फोटक को इस हालत तक पहुंचने ही नहीं देना चाहिए था। उन्होंने इस मामले में सेना और प्रशासन की जवाबदेही तय करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *