उत्तरप्रदेश के जिला अलीगढ़ के थाना अकराबाद इलाके के जीटी रोड स्थित नानउ के पास सोमवार रात्रि बाइक और कार की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार पिता की मौत हो गई, जबकि उनका बेटा और भतीजा घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराते हुए शव को मोर्चरी में रखवा दिया। वहीं, हादसे की खबर पुलिस ने परिजनों को दी।
जानकारी के मुताबिक, हाथरस के गांव खेरिया के रहने वाले 45 वर्षीय राकेश, उनका बेटा अर्जुन और रिश्ते का भतीजा बादशाह पुत्र होटल सिंह शादी ब्याह में हलवाई का काम कर परिवार का भरण पोषण करते हैं। बादशाह ने बताया कि फरीदाबाद में बीती अट्ठारह जुलाई को एक शादी थी । जहां से काम खत्म कर सोमवार की देर शाम बाइक द्वारा घर वापस लौट रहे थे । बाइक को उसके चाचा राकेश चला रहे थे । उनकी बाइक रात्रि में नानउ के पास पहुंची थी, तभी सामने से आती कार से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई । हादसे में तीनो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए ।सूचना पर इलाका पुलिस के अलावा एंबुलेंस पहुंच गई। तीनों घायलो को उपचार के लिए जिला अस्पताल पुलिस लेकर पहुंची। जहां डॉक्टरों ने चाचा राकेश को मृत घोषित कर दिया । वही बादशाह और अर्जुन का इलाज चल रहा है।
इधर, अकराबाद इंस्पेक्टर विनोद कुमार मिश्रा ने बताया कि घटना संज्ञान में है । एक कार और बाइक मैं टक्कर हुई थी । इसमें बाइक सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई। शव को मोर्चरी में रखवा दिया है । वही कार सवार लोग भी इस हादसे में चोटिल हुए हैं । घटना के वक्त कार सवार लोग कासगंज से दिल्ली जा रहे थे। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी है।

