बच्चों की नगर आयुक्त ने सुनी पुकार-वार्ड 51 आंगनबाड़ी केंद्र व प्राथमिक विद्यालय का होगा कायाकल्प-नगर आयुक्त ने किया निरीक्षण
वार्ड 51 स्थित स्कूली बच्चो को जल्द मिलेगी बड़ी राहत-प्राथमिक विद्यालय रोरावर, आंगनबाड़ी केंद्र व आस पास की गलियों के नवनिर्माण के लिए तत्काल प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश
वार्ड 41 में ख़राब नाला निर्माण करना पड़ा भारी -निर्माण ठेकेदार मैसर्स ए0के0एस बिल्डर्स को नगर आयुक्त ने ख़राब निर्माण पर दिया नोटिस
ख़राब सफ़ाई व्यवस्था की सुकमा पर फ़िर गिरी नगर आयुक्त की गाज़-2 लाख का लगाया जुर्माना- वार्ड 41 में लाचार सफ़ाई व्यवस्था पर नगर आयुक्त ने लिया एक्शन
माननीय मुख्यमंत्री जी उत्तर प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप नगरीय जनसुविधाओं को प्रभावी, पारदर्शी एवं जनोन्मुखी बनाने तथा स्थानीय नागरिकों एवं पार्षदों से प्राप्त जनसमस्याओं का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा द्वारा प्रतिदिन जनसुनवाई के उपरांत प्राप्त शिकायतों का स्वयं स्थलीय सत्यापन किया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को नगर आयुक्त ने वार्ड-41 असदपुर कायम तथा वार्ड-51 रोरावर क्षेत्र का विस्तृत निरीक्षण कर विकास कार्यों एवं जनसुविधाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।
♦️वार्ड 51 रोरावर में विद्यालय एवं आंगनबाड़ी केंद्र का होगा कायाकल्प♦️
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने रोरावर प्राथमिक विद्यालय परिसर में जलभराव की समस्या तथा क्षेत्र स्थित आंगनबाड़ी केंद्र की जर्जर अवस्था का निरीक्षण किया। स्थानीय पार्षदों एवं क्षेत्रीय नागरिकों से संवाद के दौरान यह तथ्य सामने आया कि बरसात के समय बच्चों को विद्यालय एवं आंगनबाड़ी तक पहुंचने में गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
बच्चों की सुरक्षा एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण को प्राथमिकता देते हुए नगर आयुक्त ने निर्माण विभाग को निर्देशित किया कि कायाकल्प अभियान के अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय रोरावर एवं आंगनबाड़ी केंद्र के नवनिर्माण एवं व्यापक सुधार का प्रस्ताव तत्काल तैयार किया जाए। साथ ही दोनों भवनों को जोड़ने वाली गलियों की मरम्मत एवं आवश्यक निर्माण कार्य का विस्तृत प्रस्ताव भी शीघ्र तैयार कर प्रस्तुत किया जाए ताकि मानसून से पूर्व बच्चों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराई जा सके। निरीक्षण के दौरान इस वार्ड में सफाई व्यवस्था में सुधार के लिए तत्काल प्रभाव से लापरवाह स्वच्छता सुपरवाइजर को हटाने के निर्देश नगर आयुक्त ने दिए।
♦️वार्ड 41 घटिया नाला निर्माण व ख़राब सफ़ाई व्यवस्था पर नगर आयुक्त का कड़ा एक्शन♦️
इसके उपरांत नगर आयुक्त ने वार्ड-41 असदपुर कायम स्थित देवी नगला क्षेत्र में अहिरा मोड़ से न्यू शास्त्री स्कूल तक निर्माणाधीन जलनिकासी नाले का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान नाला निर्माण कार्य की गुणवत्ता मानकों के अनुरूप न पाए जाने पर उन्होंने तत्काल नाराजगी व्यक्त की।
नगर आयुक्त ने निर्माण कार्य कर रही संस्था मैसर्स ए.के.एस. बिल्डर्स (राशिद ठेकेदार) को निर्देश दिए कि आगामी 7 दिनों के भीतर नाले की आवश्यक मरम्मत एवं पुनर्निर्माण कर गुणवत्ता के अनुरूप कार्य पूर्ण कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि निर्धारित अवधि में कार्य संतोषजनक नहीं पाया गया तो संबंधित फर्म की धनराशि जब्त करते हुए उसे ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त को इस वार्ड में सफाई व्यवस्था बेहद दोयम दर्ज़े की मिली जिस पर नगर आयुक्त ने नाराजगी जताते हुए सफाई व्यवस्था के लिए जिम्मेदार एजेंसी सुकमा के विरुद्ध 2 लाख का जुर्माना आरोपित करने के निर्देश दिए।
नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने कहा माननीय मुख्यमंत्री जी की मंशा के अनुरूप सभी वार्ड में गुणवत्तापूर्ण नगरीय सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी को दृष्टिगत रखते हुए दोनों वार्डो का निरीक्षण किया गया वार्डों में पाई गई कमियों के आधार पर नोटिस देने और जुर्माना की कार्रवाई की गई है।
निरीक्षण में स्थानीय पार्षद निरंजन सिंह व उमेद आलम आदि पार्षद अधिकारी नागरिक साथ थे।

