यूपी के मथुरा जनपद के थाना सुरीर इलाके के यमुना एक्सप्रेस-वे के माइलस्टोन 88 पर आगरा में शादी से शामिल होकर दिल्ली जा रही एक कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में कार में सवार मां बेटी की मौत हो गई और पिता सहित तीन लोग घायल हो गए। जिनमें एक की हालत गंभीर बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, आगरा में शादी समारोह में शामिल होने दिल्ली के नेशनल बाग लाजपत नगर कार द्वारा जा रहे हरीश नामदेव, उनकी पत्नी 50 वर्षीय मनीषा, 25 वर्षीय बेटी मानसी, दो भाई वैभव, विशाल आये थे। वापसी के वक्त थाना सुरीर इलाके के यमुना एक्सप्रेस-वे के माइलस्टोन 88 गांव सरकोरिया के पास अचानक अनियंत्रित होकर कार डिवाइडर पर चढ़ते हुए पलट गई। हादसे के बाद चीख पुकार मच गई। राहगीरों को भीड़ एकत्र हो गई। कार में सवार सभी लोग घायल हो गए।
इसी बीच सूचना पाकर टोल चौकी प्रभारी और थाना सुरीर पुलिस ने कार सवार घायलो को मथुरा के जिला अस्पताल भिजवाया। जहां डॉक्टरों ने मनीषा, बेटी मानसी को मृतक घोषित कर दिया। जबकि हरीश नामदेव, वैभव व विशाल का उपचार चल रहा है। जिनमें एक की हालत गंभीर बनी हुई है। सुरीर थाना प्रभारी निरीक्षक महाराज सिंह भाटी ने बताया कि मृतकों का पोस्टमार्टम कराया गया है। घायलों को उपचार कराया जा रहा है। मृतकों के परिजनों को घटना की खबर देदी है। परिवार में कोहराम मच गया है।