CCSU ने बढ़ाई एडमिशन रजिस्ट्रेशन की डेट:20 जुलाई तक भर सकेंगे फॉर्म, छात्रों की मांग और वेबसाइट की तकनीकी दिक्कतों के बाद लिया गया फैसला

चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (सीसीएसयू) ने स्नातक (यूजी) और स्नातकोत्तर (पीजी) पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि 10 जुलाई से बढ़ाकर 20 जुलाई कर दी है। छात्रों की मांग और वेबसाइट पर आई तकनीकी समस्याओं को देखते हुए विश्वविद्यालय ने यह आखरी मौका दिया है। शुक्रवार शाम तक यूजी और पीजी में कुल 1,40,261 छात्रों ने पंजीकरण कराया, जबकि 1,15,111 छात्र-छात्राओं ने फीस जमा कर अपनी आवेदन प्रक्रिया पूरी कर ली। यूजी के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन 5 मई से और पीजी के लिए 17 जून से चल रहे हैं। अब दोनों ही पाठ्यक्रमों के लिए 20 जुलाई तक आवेदन किए जा सकेंगे। प्रवेश समन्वयक प्रो. भूपेंद्र सिंह ने बताया कि जिन अभ्यर्थियों के आवेदन में किसी प्रकार की गलती है, वे भी 20 जुलाई तक उसमें संशोधन करा सकते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह रजिस्ट्रेशन का आखरी मौका होगा। छात्रों का कहना था कि गुरुवार और शुक्रवार को वेबसाइट पर तकनीकी दिक्कतों के कारण कई अभ्यर्थी आवेदन पूरा नहीं कर सके। इसी को देखते हुए विश्वविद्यालय ने तिथि बढ़ाने का निर्णय लिया। अब रजिस्ट्रेशन की तिथि बढ़ने के कारण कॉलेजों और संस्थानों में प्रवेश प्रक्रिया जुलाई के अंतिम सप्ताह में शुरू होने की संभावना है। 22 जुलाई को विश्वविद्यालय का 38वां दीक्षांत समारोह प्रस्तावित है, जिसके बाद प्रवेश प्रक्रिया शुरू कराई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *