मुरादाबाद के कटघर थाना इलाके के रहने वाले हैं भाजपा नेता
कई दिन से वाहनों की भीड़ से लोग थे परेशान
इसको सत्ता का संरक्षण कहें या फिर पुलिस के घटते इकबाल का नतीजा? शहर में एक भाजपा नेता के घर पर खुलेआम जुआ खेला जा रहा है? जुआरी सड़क किनारे वाहन पार्क करके यातायात प्रबंध को चुनौती दे रहे हैं? ऐसे वाहनों के कारण मोहल्ले वालों को परेशानी हो रही है। कई बार इस बात की शिकायत लोगों ने की है। इसके बाद भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की है?
इधर, रविवार को भाजपा नेता के घर हो रहे जुऐ का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इसके बाद पूरी कहानी सामने आ गई। करीब डेढ़ मिनट के इस वीडियो में जुआरी कैसे दांव लगा रहे हैं और कितने की हार-जीत हो रही है, यह सब देखने को मिल रहा है। वीडियो के अंत में भाजपा नेता के घर पर लगी नेम प्लेट भी दिख रही है।
महानगर में काफी बड़े पैमाने पर जुऐ और सट्टे का कारोबार हो रहा है। कटघर, मुगलपुरा, मझोला और नागफनी थाना इलाके में कुछ ऐसे मोहल्ले हैं जो जुए के लिए बदनाम हो चुके हैं। आईपीएल के दौरान तो सट्टे का कारोबार चरम पर पहुंच जाता है। हर मैच में करोड़ों रुपए का सट्टा लगाया जाता है। ऐसा नहीं है कि पुलिस इस खेल को जान नही रही है लेकिन, कहीं पर मिलीभगत तो कहीं पर दबाव पुलिस को कार्रवाई करने नहीं देता। यही वजह है कि कई बार खुलेआम होने वाले जुए के वीडियो वायरल होने के बाद भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की है? कुछ ऐसा ही एक वीडियो रविवार को सोशल मीडिया पर वायरल भी हुआ। जिसमें एक भाजपा नेता के घर पर हो रहे लाखों के जुए का खुलासा हुआ।
रविवार को सोशल मीडिया पर डेढ़ मिनट का वीडियो जारी होने के बाद हड़कंप मच गया। यह वीडियो कटघर थाना क्षेत्र में रहने वाले एक भाजपा नेता के घर का बताया जा रहा है। एक कमरे में जुआरियों का जमावड़ा लगा हुआ है। चाय पीते हुए जुआरी हर चाल पर हजारों का दांव लगाते हुए नजर आ रहे हैं। कुछ जुआरी बैठकर दांव लगा रहे हैं तो कुछ खड़े होकर ही अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। वह इतना बेफिक्र होकर खेल रहे हैं, मानों पुलिस का कोई भय ही नहीं हैं? वीडियो के अंत में भाजपा नेता के घर के बाहर लगी नेम प्लेट भी दिख रही है। इधर, कटघर इंस्पेक्टर गजेंद्र सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने की जानकारी मिली है। मामले की जांच करा रहे हैं। पुलिस कर्मियों को मौके पर भेजा था। हालांकि कोई मिला नहीं हैं। वीडियो की सच्चाई परखने के बाद कार्रवाई की जाएगी।

