ताहिर सिद्दीकी का सपा-भाजपा पर हमला:कानपुर में बोले- सपा होगी सफा तो यूपी से होगी दफा

कानपुर में आगामी चुनाव से पहले, रविवार रात 9:30 बजे कैंट विधानसभा क्षेत्र में एआईएमआईएम (AIMIM) ने एक नुक्कड़ सभा का आयोजन किया। इसमें पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष ताहिर सिद्दीकी ने समाजवादी पार्टी (सपा) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा हमला बोला। सभा को संबोधित करते हुए, सिद्दीकी ने दावा किया कि प्रदेश में समाजवादी पार्टी का जनाधार लगातार कमजोर हो रहा है। उन्होंने कहा, “समाजवादी पार्टी अब समाप्त होने की ओर बढ़ रही है। सपा होगी सफ़ा तो उत्तर प्रदेश से होगी दफा, और जब ये होंगे खफा तो आपका होगा नफा।” उनके इस बयान पर कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी की। भाजपा पर निशाना साधते हुए ताहिर सिद्दीकी ने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार जनता के मूल मुद्दों से ध्यान भटका रही है। उन्होंने भाजपा को लेकर एक विवादित टिप्पणी भी की, जिसमें उन्होंने कहा कि “भ से भारत, ज से जलाओ और प से पार्टी”। सिद्दीकी ने यह भी कहा कि प्रदेश में विकास, रोजगार और महंगाई जैसे मुद्दों पर सरकार विफल रही है, जबकि सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की राजनीति की जा रही है। सिद्दीकी ने आगे कहा कि एआईएमआईएम जनता के बीच रहकर उनके अधिकारों की लड़ाई लड़ रही है और आगामी निकाय चुनाव में पार्टी मजबूती के साथ मैदान में उतरेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर पार्टी की नीतियों को लोगों तक पहुंचाने और अधिक से अधिक सदस्यों को जोड़ने का आह्वान किया। कार्यक्रम का आयोजन वार्ड-99 के प्रत्याशी सद्दाम हुसैन ने किया था। उन्होंने बताया कि क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं को लेकर जनता से लगातार संपर्क किया जा रहा है। हुसैन ने भरोसा दिलाया कि चुनाव जीतने पर क्षेत्र में सड़क, सफाई, पेयजल और अन्य नागरिक सुविधाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। सभा में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे, जिन्होंने पार्टी के समर्थन में नारे लगाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *