शामली में श्रावण कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को हरियाणा के पानीपत स्थित उपायुक्त कैंप कार्यालय में शामली (उत्तर प्रदेश) और पानीपत (हरियाणा) के प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की संयुक्त समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में दोनों राज्यों के अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, कानून व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और कांवड़ यात्रियों की सुविधाओं को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की। बैठक की अध्यक्षता पानीपत के उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने की। इस दौरान शामली के जिलाधिकारी आलोक कुमार, पुलिस अधीक्षक एन.पी. सिंह, पानीपत के पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह सहित दोनों जनपदों के प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में कांवड़ यात्रा मार्गों की सुरक्षा, कांवड़ शिविरों की व्यवस्थाएं, स्वच्छता, पेयजल और चिकित्सा सुविधाओं को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया गया। संवेदनशील मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल रहेगा तैनात
पानीपत के उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा कि प्रत्येक कांवड़िये को सुरक्षित और सुगम यात्रा उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं, पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह ने बताया कि कांवड़ यात्रा मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। कानून व्यवस्था बिगाड़ने या हुड़दंग करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सीमावर्ती क्षेत्रों में संयुक्त निगरानी होगी मजबूत
शामली के जिलाधिकारी आलोक कुमार ने दोनों राज्यों के अधिकारियों के बीच लगातार समन्वय और सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान पर बल दिया। पुलिस अधीक्षक एन.पी. सिंह ने सीमावर्ती क्षेत्रों में संयुक्त पुलिस निगरानी, प्रभावी यातायात प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के निर्देश दिए। डीजे, हथियारनुमा वस्तुओं और ट्रैफिक व्यवस्था पर सख्ती
बैठक में निर्धारित मानकों के अनुरूप डीजे संचालन सुनिश्चित करने, हथियारनुमा वस्तुओं के प्रयोग पर रोक लगाने, प्रमुख मार्गों पर सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने, स्वच्छता सुनिश्चित करने तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं को समय रहते अंतिम रूप देने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी विभाग पूरी सतर्कता और समन्वय के साथ कार्य करेंगे।

