ललितपुर के जखौरा थाना क्षेत्र के बांसी गांव में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण सीने में अंदरूनी चोट बताया गया है, जबकि परिजनों का दावा है कि युवक ने फांसी लगाई थी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। 26 वर्षीय रामप्रताप कुशवाहा पुत्र बालचंद्र को शनिवार शाम करीब 6:50 बजे उनके भाई द्वारा उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज लाया गया था। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों के अनुसार, रामप्रताप शराब पीने का आदी था और ट्रेनों में वेंडर का काम करता था। शनिवार शाम वह शराब के नशे में घर लौटा और कमरे में जाकर फांसी लगा ली। परिजनों ने उसे फंदे से उतारकर अस्पताल पहुंचाया था। रविवार शाम 6 बजे तीन डॉक्टरों के पैनल द्वारा वीडियोग्राफी के साथ शव का पोस्टमार्टम किया गया। सूत्रों के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतक के सीने में चोट लगने को मौत का कारण बताया गया है। बताया जा रहा है कि शराब की लत के कारण रामप्रताप का घर में अक्सर झगड़ा होता रहता था। पुलिस अब इस विरोधाभासी जानकारी के आधार पर मामले की गहनता से जांच कर रही है।

