इटावा में दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग पर सराय भूपत रेलवे स्टेशन के पास शुक्रवार को युवक और युवती की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। सूचना मिलने पर राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल दोनों की पहचान नहीं हो सकी है। पहचान कराने का प्रयास जारी प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक मृत युवती की उम्र करीब 24 वर्ष और युवक की उम्र लगभग 28 वर्ष बताई जा रही है। पुलिस उनकी शिनाख्त कराने के प्रयास में जुटी है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि दोनों किस ट्रेन से गिरे या हादसा किस परिस्थिति में हुआ। भाई-बहन होने की भी चर्चा स्थानीय लोगों के बीच चर्चा है कि दोनों भाई-बहन हो सकते हैं। आशंका जताई जा रही है कि पहले युवती ट्रेन से गिर गई और उसे बचाने के प्रयास में युवक भी नीचे उतर गया, जिससे दोनों की जान चली गई। हालांकि, पुलिस ने इस संबंध में किसी भी संभावना की पुष्टि नहीं की है। हर पहलू से जांच कर रही पुलिस जीआरपी इटावा के थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ रेलवे अधिकारियों से भी जानकारी जुटा रही है। अधिकारियों का कहना है कि शवों की पहचान और जांच के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

